भीलवाड़ा पुलिस ने 447 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा किया जब्त
मंगरोप थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई. एसयूवी गाड़ी से 447 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त. एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू.

Published : September 12, 2025 at 5:39 PM IST
भीलवाड़ा: जिले की मंगरोप थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चेकिंग के दौरान एक एसयूवी गाड़ी से 447 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त कर कार को भी कब्जे में ले लिया. भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने कहा कि भीलवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन व तस्करी की रोकथाम को लेकर जिले की समस्त पुलिस अधिकारियों को निर्देशित कर रखा है.
ग्रामीण डिप्टी एसपी (आईपीएस अधिकारी) माधव उपाध्याय के नेतृत्व में भीलवाड़ा जिले के मगरोप पुलिस थाने की विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम मंगरोप थाना क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर नाकाबंदी कर चेकिंग कर रहे थी. इसी दौरान एक एसयूवी गाड़ी चालक पुलिस की गाड़ी देखकर अचानक गाड़ी को वापस घूमाकर भागने लगा.
पढ़ें : भीलवाड़ा: पुलिस टीम ने जोधपुर से 50 हजार रुपए के इनामी अफीम तस्कर को दबोचा
जिसके बाद पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर कुछ दूरी के बाद एसयूवी गाड़ी चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया. आईपीएस अधिकारी माधव उपाध्याय ने एसयूवी गाड़ी की तलाशी ली तो कखर में रखे 24 प्लास्टिक के कट्टों में 446 किलो 950 ग्राम अवैध अफीम डोडा चुरा पाया गया. पुलिस ने इस अवैध अफीम डोडा चूरा को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
भीलवाड़ा के रास्ते से ही होती है तस्करी : प्रदेश में भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ के साथ ही पास ही के राज्य मध्यप्रदेश में अफीम की खेती होती है. भीलवाड़ा जिले के रास्ते से ही अवैध अफीम, डोडा चुरा की तस्करी मारवाड़ व अन्य प्रदेशों में की जाती है. ऐसे में भीलवाड़ा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जाता है. जिसके कारण इस अवैध अफीम तस्करी पर रोक लग सके.

