ETV Bharat / state

जनता दरबार में भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई, जमीन म्यूटेशन में लापरवाही पर डीसी सख्त

रांची डीसी के नेतृत्व में सोमवार को जनता दरबार लगाया गया. इस दौरान मिली कई शिकायतों पर मौके पर कार्रवाई की गई.

Action against land mafia in Janta Darbar, Ranchi
रांची डीसी के जनता दरबार में पहुंचे लोग (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 17, 2025 at 1:09 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: जिले में जमीन से जुड़ी समस्याओं को लेकर सोमवार को उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के जनता दरबार में कई अहम मामले सामने आए. भू-माफियाओं की मिलीभगत, म्यूटेशन में लापरवाही और सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों की शिकायतों पर डीसी ने त्वरित कार्रवाई की. वहीं, शहर और कांके अंचल से जुड़ी जमीन विवादों में डीसी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए.

जनता दरबार में रामेश्वर कुमार यादव ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि उन्होंने करमटोली स्थित एक जमीन वर्ष 2020 में खरीदी थी और तभी से म्यूटेशन के लिए प्रयासरत थे. इस दौरान कुछ भू-माफिया फर्जी दस्तावेज बनाकर उस जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की कोशिश कर रहे थे.

यादव ने उपायुक्त को बताया कि लगातार प्रयास के बावजूद न तो म्यूटेशन हो रहा था और न ही उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई हो रही थी. उपायुक्त के आदेश पर त्वरित कार्रवाई हुई और म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी कर दी गई. समाधान के बाद रामेश्वर ने कहा थैंक यू डीसी सर, भू-माफियाओं का मंसूबा नाकाम हो गया.

कांके अंचल में मिलीभगत कर जमीन हड़पने की कोशिश

जनता दरबार में कांके अंचल से भी एक गंभीर मामला सामने आया, जिसमें मौजा मदनपुर के अंतर्गत फर्जी दस्तावेज के आधार पर म्यूटेशन कर जमीन हड़पने की कोशिश की गई. पीड़ित ने मानसिक प्रताड़ना और परिवार को मिल रही धमकियों की जानकारी दी. उपायुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचल सर्वे अधिकारी (ASO) को जांच का निर्देश देते हुए कहा कि दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

लापरवाही पर शो-कॉज और कार्रवाई के निर्देश

शहर अंचल के एक कर्मचारी पर म्यूटेशन फाइल को जानबूझकर रोकने का आरोप लगा. रंजीत मोहन नामक व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने 31 मार्च 2025 को म्यूटेशन के लिए आवेदन दिया था, लेकिन कर्मचारी की टालमटोल से फाइल आगे नहीं बढ़ी. डीसी ने संबंधित कर्मचारी को शो-कॉज करने और एक सप्ताह के भीतर अग्रतर कार्रवाई नहीं होने पर प्रपत्र ‘क’ गठित करने का निर्देश दिया.

सामाजिक सहायता और अन्य मामलों में भी निर्देश

रामवृक्ष उरांव नामक व्यक्ति ने अपनी बेटी की इसी महीने होने वाली शादी के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई. उपायुक्त ने तुरंत जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को फोन कर लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. इसके अलावा एक सड़क दुर्घटना में मृतक के पिता ने प्राकृतिक आपदा मुआवजा के लिए आवेदन दिया था, जिस पर डीसी ने जिला परिवहन पदाधिकारी को बुलाकर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए.

ग्राम प्रधान संघ, अनगड़ा के सदस्यों ने पिछले एक साल से लंबित मानदेय भुगतान की शिकायत की. डीसी ने कोषागार पदाधिकारी से अद्यतन जानकारी ली, जहां IFSC कोड की गलती सामने आई. उसे सुधार कर भुगतान का निर्देश दिया गया.

नशा के खिलाफ जागरूकता और शिकायतों की संख्या में इजाफा

जनता दरबार में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री लोगों को नशा के खिलाफ जागरूक करते रहे. उन्होंने अपील की कि लोग नशे का विरोध करें और ‘अबुआ साथी’ व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर शिकायत दें.

उपायुक्त ने दी जानकारी

गौरतलब हो कि उपायुक्त की पहल पर जनता दरबार में शिकायत करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है. सोमवार को आयोजित दरबार में राजस्व, पेंशन, म्यूटेशन, प्रमाण-पत्र और अवैध कब्जा जैसे मामलों की भरमार रही, जिन पर डीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. मौके पर डीसी ने कहा कि यह जनता दरबार लोगों के लिए है. लोग यहां बिना झिझक के शिकायत दर्ज कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: कांग्रेस भवन में फिर शुरू हुआ मंत्रियों का जनता दरबार, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सुनी लोगों की फरियाद

जनता दरबार में रांची नगर निगम के खिलाफ शिकायत, जानें क्या है पूरा मामला

कभी इस राज्य के अधिकारी थे आउट ऑफ कंट्रोल, जनता दरबार में बोलीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की

कांग्रेस भवन में जनता दरबारः स्वास्थ्य मंत्री ने सुनी फरियाद, कहा- दोषी पर होगी कार्रवाई