सहारनपुर की डेयरी से आया था केमिकल से बना पनीर, चारधाम यात्रा से कमाना चाहते थे मोटा मुनाफा, 5 गिरफ्तार
देहरादून जिले में पकड़ा गया है 23 क्विंटल नकली पनीर, नष्ट किया गया सारा माल, केमिकल से बनाते थे पनीर

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : April 30, 2025 at 8:11 AM IST
देहरादून: चारधाम यात्रियों को नकली पनीर खिलाकर मुनाफा कमाने और उनकी सेहत बिगाड़ने वालों का भंडाफोड़ हुआ है. चारधाम और यात्रा रूटों पर सप्लाई के लिए लाया जा रहा 23 क्विंटल नकली पनील मंगलवार को बरामद हुआ था. नकली पनीर की कालाबाजारी में शामिल 03 मुख्य आरोपियों को थाना रायपुर पुलिस ने विकासनगर और सेलाकुई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है. इस तरह नकली पनीर प्रकरण में अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं.
नकली पनीर के 5 सौदागर गिरफ्तार: आरोपियों द्वारा डेयरी में तैयार नकली पनीर को सेलाकुई और विकासनगर क्षेत्र से भी सप्लाई किया जा रहा था. आरोपियों द्वारा चकराता क्षेत्र में सप्लाई किये गए नकली पनीर को पुलिस द्वारा बरामद कर नष्ट किया गया है. बता दें कि थाना रायपुर पुलिस ने मंगलवार को नकली पनीर की कालाबाजारी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था. उसके बाद से ही तीन आरोपी फरार चल रहे थे. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही थी. मंगलवार रात को तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई.
देहरादून-सहारनपुर में बरामद हुआ था 23 क्विंटल नकली पनीर: मंगलवार को एसएसपी को सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए चारधाम यात्रा मार्गों पर सप्लाई के लिए सहारनपुर से देहरादून लाया जा रहे 700 किलो से अधिक नकली पनीर बरामद किया था. इसके साथ 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. जिनसे पूछताछ के आधार पर नकली पनीर के धंधे में शमिल 03 मुख्य मुख्य आरोपियों मनोज, नरेन्द्र चौधरी और शाहरूख के नाम सामने आये थे. इसके साथ ही सहारनपुर में जहां नकली पनीर बनता था वहां से 1600 किलो यानी 16 क्विंटल नकली पनीर बरामद किया गया था.
फरार 3 आरोपी भी गिरफ्तार: आरोपियों के हरबर्टपुर और कुजांग्रान्ट क्षेत्र में रह कर नकली पनीर की सप्लाई करने की जानकारी प्राप्त हुई थी. इस पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके सभी सम्भावित स्थानों पर दबिशें दी गई थी. पुलिस टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मनोज और शाहरूख को विकासनगर क्षेत्र से ओर आरोपी नरेंद्र को सेलाकुई क्षेत्र से गिरफ्तार किया.
ऐसे करते थे नकली पनीर की सप्लाई: सहारनपुर से सप्लाई करते थे नकली पनीर: एसएसपी अजय सिंह ने बताया है कि-
आरोपी नरेन्द्र की सेलाकुई क्षेत्र में डेयरी है. यहां से वह सहसपुर, सेलाकुई और आसपास के क्षेत्रों में नकली पनीर की सप्लाई का कार्य करता है. मनोज का हरबर्टपुर में घर और मोबाइल की दुकान है. दुकान की आड़ में आरोपी अपने घर से ही विकासनगर और चकराता आदि क्षेत्रों में नकली पनीर की सप्लाई का कार्य करता है. तीनों आरोपियों द्वारा पार्टनरशिप में नकली पनीर की कालाबाजारी का कार्य किया जाता है.
-अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून-
केमिकल से बनाते थे नकली पनीर: एसएसपी ने बताया कि नरेन्द्र चौधरी द्वारा पहले सेलाकुई स्थित भूमि को खरीद कर सहारनपुर के कासमपुर में जंगलों के बीच प्लाट पर नकली पनीर डेयरी बनाई गयी थी. उसमें आरोपियों द्वारा केमिकल का इस्तेमाल कर नकली पनीर तैयार किया जाता है. मनोज पनीर की सप्लाई और शाहरूख नकली पनीर के लिये दूध आदि की व्यवस्था करने का कार्य करता है.
चारधाम यात्रा से कमाना चाहते थे मोटा मुनाफा: उत्तराखंड में आज से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है. चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों का हुजूम उमड़ पड़ता है. चारों धामों और यात्रा मार्गों पर तमाम होटल और रेस्टोरेंट हैं. नकली पनीर के ये सौदागर बड़ी मात्रा में हो रही पनीर की डिमांड को पूरा करने की आड़ में नकली पनीर सप्लाई कर रहे थे. सहारनपुर से इसी मकसद से नकली पनीर देहरादून भेजा गया था. नकली पनीर का काला कारोबार करने वाले चारधाम यात्रा के दौरान तगड़ा मुनाफा कमाने की आश में थे.
नकली पनीर के सौदागर मनोज से पूछताछ में उसके द्वारा कुछ दिन पहले ही लगभग 20 किलो नकली पनीर को चकराता में एक दुकानदार को बेचे जाने की बात स्वीकार की है. इस पर पुलिस ने उस नकली पनीर को चकराता क्षेत्र से बरामद करते हुए नष्ट कर दिया है.
ये भी पढ़ें: 23 क्विंटल नकली पनीर के साथ दो गिरफ्तार, चारधाम यात्रा में खपाने की थी तैयारी, सहारनपुर में फैक्ट्री सील

