24 साल की लड़की से 45 वर्षीय शख्स को था एकतरफा प्यार, शादी न हो इसलिए चेहरे पर फेंका तेजाब
बेगूसराय में बीजेपी नेता की बेटी पर तेजाब फेंकने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया है. एकतरफा प्यार में उसने लड़की पर हमला किया था.

Published : April 7, 2025 at 8:53 PM IST
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में एसिड अटैक कांड का खुलासा हो गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी 45 साल का है और उसने एकतरफा प्यार में बीजेपी नेता की 24 साल की बेटी को निशाना बनाया था. खास बात ये भी है कि पीड़ित परिवार इस आरोपी को अपना रिश्तेदार समझ रहा था, जिस वजह से उस पर कभी ऐसा कोई संदेह भी नहीं हुआ.
एकतरफा प्यार में फेंका तेजाब: पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस घटना में आरोपी ने एकतरफा प्यार में छात्रा के चेहरे पर तेजाब फेंका था. इसके पीछे का मकसद लड़की की खूबसूरती को खत्म कर देना था, ताकि उसकी शादी कभी न हो पाए और लड़की ताउम्र कुंवारी रह जाए. पुलिस ने आरोपी को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया है. फिलहाल दोनों को जेल भेज दिया गया है.

क्या बोले एसपी?: इस संबंध में बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि दो लोगों ने वारदात को अंजाम दिया था. जिसमें मुख्य आरोपी अंजनी सिंह (45 वर्ष) और महबूब आलम शामिल है. उन्होंने बताया कि अंजनी सिंह पीड़िता का दूर का रिश्तेदार है और उसके पड़ोस में ही रहता था. उसके ऊपर पहले से भी केस दर्ज है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दो महीने पहले भी दोनों ने इस घटना की अंजाम देने की योजना बनाई थी लेकिन ठंड का मौसम रहने के कारण घटना को अंजाम नहीं दे पाए.
"आरोपी अंजनी कुमार सिंह की उम्र लगभग 45 वर्ष है, जो पीड़िता के प्रति गलत सोच और मानसिकता रखता था. लड़की की शादी कहीं और न हो जाए, इसके लिए उसने महबूब आलम का साथ लिया. अंजनी सिंह ने महबूब की कुछ आर्थिक मदद की थी, जिसके कारण महबूब आलम उसका साथ देने को तैयार हो गया. पुलिस ने घटना के दिन आरोपी द्वारा पहना हुआ कपड़ा और एसिड का बोतल बरामद कर लिया, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है."- मनीष, पुलिस अधीक्षक, बेगूसराय
क्या है मामला?: असल में बखरी नगर परिषद के वार्ड नंबर 23 में शुक्रवार की रात जब लड़की घर में सो रही थी, तभी किसी ने उस पर तेजाब फेंक दिया. पीड़िता के चिल्लाने पर जब घर के लोगों ने रोशनी जलाकर देखा तो उसके चेहरे और हाथ झुलस गए थे. उसके बाद उसे प्राइवेट क्लिनिक में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. पीड़िता के पिता बीजेपी के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं.
ये भी पढ़ें: बिहार में BJP नेता की बेटी पर एसिड अटैक, घर में घुसकर चेहरे पर फेंका तेजाब

