ETV Bharat / state

चतरा में एसीबी का एक्शन, रिश्वत लेते एसडीओ कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

चतरा के एसडीओ कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर को रिश्वत लेते हुए एसीबी ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आगे मामले की जांच जारी है.

ACB ACTION IN CHATRA DCLR OFFICE
डीसीएलआर दफ्तर में रिश्वत लेते पकड़े गए आरोपी (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : March 4, 2025 at 3:23 PM IST

|

Updated : March 4, 2025 at 4:31 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चतरा: जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है. सिमरिया एसडीओ कार्यालय के गोपनीय शाखा में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर आफताब अंसारी को 10 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी सिमरिया एसडीओ सह डीसीएलआर कार्यालय परिसर में हुई है. जहां एसीबी की टीम पहले से ही जाल बिछाकर बैठी थी.

शिला गांव निवासी अनिल कुमार का डीसीएलआर कार्यालय में एक भूमि विवाद का मामला लंबित था. इस केस का फैसला अनिल कुमार के पक्ष में कराने के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर ने 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग की. घूस की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपए की डील तय हुई थी. लेकिन अनिल कुमार ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) से कर दी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने तुरंत जांच शुरू की और जाल बिछाकर ऑपरेटर को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई.

मंगलवार को अनिल कुमार पहले से तय रकम 10 हजार रुपए लेकर कंप्यूटर ऑपरेटर के पास पहुंचे. जैसे ही उन्होंने रुपए लिए, वहां पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया. गिरफ्तारी के दौरान कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया. इस कार्रवाई को देखने के लिए वहां लोगों की भीड़ जुट गई. पूछताछ में आरोपी ने पहले तो खुद को निर्दोष बताने की कोशिश की, लेकिन जब एसीबी टीम ने ठोस सबूत दिखाए, तो वह चुप हो गया.

गिरफ्तार आरोपी सिमरिया के पुंडरा गांव का रहने वाला है. वह लंबे समय से सिमरिया एसडीओ कार्यालय के गोपनीय शाखा में बतौर कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यरत था. गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी को हजारीबाग ले गई, जहां उससे और पूछताछ की जाएगी. साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि क्या आरोपी के साथ कोई और अधिकारी या कर्मचारी इस भ्रष्टाचार में शामिल था. इस गिरफ्तारी के बाद कई अफसरों को डर सता रहा है कि आने वाले दिनों में एसीबी की जांच में और नाम सामने आ सकते हैं.

Last Updated : March 4, 2025 at 4:31 PM IST