धनबाद के कुमारधुबी में चोरों का तांडव, एक ही रात में 8 घरों में की चोरी
धनबाद में बीती रात चोरों ने आठ घरों में जमकर उत्पात मचाया. पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है.

Published : September 8, 2025 at 12:54 PM IST
|Updated : September 8, 2025 at 1:54 PM IST
धनबाद: बीती रात चंद्र ग्रहण था और एक ग्रहण कुमारधुबी ओपी थाना क्षेत्र के बगानधौड़ा में भी लगा, जहां एक ही रात में चोरों ने आठ घरों का ताला तोड़ कर चोरी की और फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद कुमारधुबी ओ. पी. प्रभारी राजेश लोहरा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए जांच में जुट गए.
इधर एक साथ आठ घरों में चोरी की घटना ने क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इन सभी घरों में किसी के नहीं रहने के कारण चोरी कितने की हुई है इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सका है. स्थानीय लोगों ने पुलिस पर नाराजगी जताई है. लोगें का कहना है कि पुलिस सोती रही और चोर अपना काम करते रहे.
कितने की चोरी हुई है अभी बताना मुश्किल
एक मकान मालिक ने बताया कि वह भी बाहर गए हुए थे, आकर देखा तो पूरे घर का सामान बिखरा हुआ था. घर के जेवरात और कुछ नगदी की भी चोरी हो गई है. अभी कितने की चोरी हुई है यह नहीं बता पाएंगे.
घटना को अंजाम देने में लगे होंगे चार घंटे
लोगों का कहना है कि जिन आठ घरों में चोरी हुई है वह सब लगभग आधा किलोमीटर के दायरे में आते हैं और इस घटना को अंजाम देने में कम से कम चार घंटे लगे होंगे. इतने समय में किसी को भनक नहीं लगी. यह बड़ी बात है. लोगों को यह भी कहते हुए सुना गया कि बगानधौड़ा में शराबियों एवं जुआरियों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है. पुलिस अगर चाहे तो इस घटना का उद्भेदन चौबीस घंटे में ही संभव है.
'पुलिस हमेशा गश्त करती है. आठ घरों में चोरी हुई है, कैसे चोरी हुई है हम उसकी जांच कर रहे हैं. जिन घरों में ताले लगे हुए थे या वह घर जो दो या तीन महीनों से बंद थे वहां चोरी हुई है.' -राजेश कुमार लोहरा- ओपी प्रभारी, कुमारधुबी
ये भी पढ़ें-
कोडरमा में 8 चोर गिरफ्तार, ग्रामीण जलापूर्ति योजना के पाइप की कर रहे थे चोरी
रांची में चोर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार, नगद समेत चोरी के लाखों के गहने बरामद
गिरिडीह में कारोबारी के घर से 32 लाख की चोरी, नाराज व्यवसायिक संघ ने सड़क जाम कर किया हंगामा

