19 अगस्त से शुरू होगा 64वां सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट, चार विदेशी टीमों सहित कुल 106 टीमें लेंगी हिस्सा
इन विदेशी टीमों में तीन श्रीलंका की और एक नेपाल की टीम रहेगी. इस दौरान 200 से अधिक फुटबॉल मैच खेले जाएंगे.

Published : August 12, 2025 at 6:16 PM IST
नई दिल्ली: 64वें सुब्रतो कप अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत 19 अगस्त से होने जा रही है. इसमें चार अंतर्राष्ट्रीय टीमों सहित कुल 106 टीमें हिस्सा लेंगी. टूर्नामेंट का आयोजन तीन श्रेणियों, जूनियर बॉयज, जूनियर गर्ल्स और सब-जूनियर बॉयज में किया जाएगा. टूर्नामेंट के आयोजक सुब्रतो मुखर्जी स्पोर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी के सेक्रेटरी जनरल और वायु सेना के ग्रुप कैप्टन गजानंद यादव ने बताया कि यह टूर्नामेंट 19 अगस्त से 25 सितंबर तक दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा.
वायु सेना के दिल्ली स्थित आकाश ऑफिसर्स मेस में टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण करने के मौके पर आयोजकों ने यह जानकारी दी थी. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एयर मार्शल एस शिवकुमार वीएसएम, एयर ऑफिसर-चार्ज एडमिनिस्ट्रेशन और सुब्रतो मुखर्जी स्पोर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी (एसएमएसईएस) के उपाध्यक्ष भी उपस्थित रहे. इस दौरान भारतीय फुटबॉलर दलिमा छिब्बर भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. वायु सेना खेल नियंत्रण बोर्ड के तत्वावधान में सुब्रतो मुखर्जी स्पोर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी की तरफ से आयोजित सुब्रतो कप, पहली बार 1960 में आयोजित किया गया था और इसका नाम एयर मार्शल सुब्रतो मुखर्जी के नाम पर रखा गया था, जिन्होंने जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस टूर्नामेंट की कल्पना की थी.
19 अगस्त से दिल्ली में होगी टूर्नामेंट की शुरुआत: यह टूर्नामेंट 19 अगस्त को दिल्ली एनसीआर में जूनियर गर्ल्स (अंडर 17) वर्ग के साथ शुरू होगा. सब-जूनियर बॉयज (अंडर 15) वर्ग 2 सितंबर से बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा, जबकि टूर्नामेंट का अंतिम चरण जूनियर बॉयज (अंडर 17) वर्ग 16 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर में शुरू होगा. एसएमएसईएस के उपाध्यक्ष एयर मार्शल एस शिवकुमार एवं वायु सेना प्रभारी प्रशासन ने कहा कि भारतीय वायु सेना और एसएमएसईएस हर साल इस टूर्नामेंट को बड़ा और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि युवा बच्चों को अपने करियर में अगला कदम उठाने के लिए एक मंच प्रदान किया जा सके. उन्होंने बताया कि जर्मनी में उन्नत फुटबॉल प्रशिक्षण के लिए स्काउटिंग राउंड से सात खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा.
इन जगहों पर खेले जाएंगे फुटबॉल मैच: दिल्ली स्थित अंबेडकर स्टेडियम और तेजस फुटबॉल ग्राउंड के अलावा सुब्रतो पार्क फुटबॉल ग्राउंड और पिंटो पार्क फुटबॉल ग्राउंड दिल्ली व एनसीआर में टूर्नामेंट के फुटबॉल मैच खेले जाएंगे. बेंगलुरु में मैच एयर फोर्स स्कूल, जलाहल्ली, एयर फोर्स स्कूल, येलहंका और मुख्यालय प्रशिक्षण कमान फुटबॉल ग्राउंड में खेले जाएंगे. तीनों श्रेणियों में भाग लेने वाली कुल 106 टीमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) और देश के विभिन्न शैक्षणिक निकायों के साथ-साथ चार विदेश की टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगी, जिनमें श्रीलंका की तीन और नेपाल की एक टीम हिस्सा लेगी. तीनों श्रेणियों में कुल 200 से अधिक फुटबॉल मैच खेले जाने हैं. भाग लेने वाली सभी टीमों के लिए निष्पक्ष खेल सुनिश्चित करने के लिए बेंगलुरु में सब-जूनियर लड़कों की श्रेणी के लिए एक आयु निर्धारण परीक्षा आयोजित की जाएगी.
ये टीमें रहीं पिछले साल की विजेता: बता दें कि, टीजी इंग्लिश स्कूल बिष्णुपुर मणिपुर ने पिछले साल टूर्नामेंट में जूनियर बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं मदर इंटरनेशनल स्कूल रांची झारखंड ने 63वें संस्करण में जूनियर बालिका वर्ग में अपना खिताब बरकरार रखा और नॉनगिरी प्रेस्बिटेरियन सेकेंडरी स्कूल मेघालय ने बेंगलुरु में सब-जूनियर बालक वर्ग का खिताब जीता था.
यह भी पढ़ें-

