दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक प्रवेश का अंतिम अवसर, NCWEB के तहत 2800 सीटें खाली
कटऑफ के आधार पर छात्राएं 2 अक्टूबर तक दाखिला ले सकेंगी. वहीं फीस 4 अक्टूबर तक जमा की जा सकेगी. पढ़ें पूरी खबर...

Published : September 30, 2025 at 1:36 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कॉलेजिएट वीमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में सोमवार को विशेष कटऑफ सूची जारी कर दी गई. एनसीवेब के तहत बीए और बीकॉम कार्यक्रमों में लगभग 2800 सीटें खाली हैं. इनमें करीब एक हजार सीटें बीए पाठ्यक्रम में बची हैं. विशेष कटऑफ के आधार पर छात्राएं 30 सितंबर से 2 अक्तूबर तक दाखिला ले सकेंगी. वहीं केंद्रों की तरफ से 3 अक्तूबर तक प्रवेश को मंजूरी दी जाएगी, जबकि फीस जमा करने की अंतिम तिथि 4 अक्तूबर रात 11:59 बजे तक तय की गई है.
एनसीवेब के अंतर्गत कुल 26 केंद्रों पर कक्षाएं संचालित होती हैं, जो वीकेंड और अवकाश के दिनों में आयोजित की जाती हैं. इसमें मिरांडा हाउस और हंसराज कॉलेज जैसे प्रमुख कॉलेज भी शामिल हैं. कुल मिलाकर 15,200 सीटें होने के बावजूद स्पेशल ड्राइव के बाद भी विभिन्न श्रेणियों की सीटें खाली पड़ी हुई हैं.
दाखिले से इतर, दिल्ली विश्वविद्यालय में हाल ही में स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) का पूर्वी क्षेत्रीय केंद्र 'एकलव्य भवन' का उद्घाटन किया गया था. नए कैंपस का उद्घाटन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया था. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा था कि यह दिन उनके लिए जीवन का एक अहम क्षण है. शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलाव और नई पहलें आने वाली पीढ़ी के लिए मजबूत आधार तैयार करेंगी.
वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि यह भवन न केवल पूर्वी दिल्ली, बल्कि पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा की सुविधा देने में मील का पत्थर साबित होगा. ओपन लर्निंग सिस्टम उन छात्रों के लिए वरदान है, जो नौकरी या अन्य कारणों से नियमित कक्षाओं में नहीं आ सकते. इस केंद्र के माध्यम से उन्हें बेहतर संसाधन और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

