बिहार में डायल 112 के सामने युवती की गोली मारकर हत्या!, परिजनों ने काटा हंगामा
रोहतास में नाली के विवाद में दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई है. जिसमें 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई है.

Published : October 10, 2025 at 1:59 PM IST
|Updated : October 10, 2025 at 2:34 PM IST
रोहतास: बिहार के रोहतास में महज नाली के विवाद में एक युवती की गोली मारकर हत्या की गई है. परिजनों का आरोप है कि घटना डायल 112 की टीम के सामने हुई है. मामला शिवसागर इलाके के किरहिंडी गांव का है.
नाली को लेकर हुआ था विवाद: मिली जानकारी के मुताबिक नाली के विवाद में दो पक्ष आपस में उलझ गए थे. विवाद की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाया. जिसके बाद दोनों पक्ष शांत हो गए और पुलिस मौके से चली गई.
19 वर्षीय युवती की हुई मौत: पुलिस के जाने के बाद विवाद ज्यादा बढ़ गया और फायरिंग शुरू हो गई. जिसमें गोल्डी कुमारी को गोली लग गई. घटना के बाद गोल्डी कुमारी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई. वहीं, छर्रा लगने से एक अन्य युवक भी आंशिक रूप से घायल हो गया है.
क्या कहते हैं परिजन?: गोल्डी कुमारी के परिजनों ने बताया कि नाली में पानी गिरने को लेकर विवाद हुआ था. मौके पर डायल 112 की पुलिस भी पहुंची थी. टीम मामला सुलझा ही रही थी कि इसी बीच पड़ोसी सुनील सिंह ने गोली चला दी. गोली हमारी बेटी गोल्डी कुमारी के गले में लगी. जिससे उसकी मौत हो गई. सबसे बड़ी बात ये है कि यह सारी घटना पुलिस के सामने हुई और पुलिस तमाशबीन बनी रही.

क्या कहती है पुलिस?: वहीं, शिवसागर थाना में तैनात एएसआई सुरिंदर कुमार ने परिजनों के आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि पुलिस के सामने यह घटना नहीं हुई. आपसी सुलह कराकर टीम जा चुकी थी. फिलहाल मामले में सुनील सिंह की तरफ से 3 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. बाकी और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की रही है. साथ ही मामले में FSL जांच कर रही है.
''किरहिंडी गांव में सुनील सिंह और मंटू सिंह के परिवार में पूर्व से विवाद चल रहा था. उसी क्रम में आज सुबह नाली में पानी गिराने को लेकर विवाद हुआ, तभी मारपीट के बीच सुशील सिंह की तरफ से गोली चलाई गई. जिसमें मंटू सिंह की बेटी गोल्डी कुमारी जख्मी हो गई. इलाज के क्रम में गोल्डी कुमारी की मौत हो गई''. - रौशन कुमार, एसपी, रोहतास
अस्पताल में परिजन कर रहे हंगामा: गोल्डी कुमारी इंटरमीडिएट की छात्रा थी. गोल्डी कुमारी का शव सदर अस्पताल सासाराम में रखा हुआ. इसी बीच परिजन अस्पताल में हंगामा कर रहे हैं और जल्द जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे है.
ये भी पढ़ें-

