कानपुर में सीएम ग्रिड योजना में 3 सड़कें बढ़ीं; अब 13 सड़कों का होगा निर्माण, सभी बनेंगी स्मार्ट
नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया, शहर में स्मार्ट सिटी योजना के तहत पहले से स्मार्ट पार्किंग, कन्वेंशन, द स्पोर्ट्स हब बनवाए जा चुके हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 5, 2025 at 7:01 PM IST
कानपुर: यूपी के कानपुर में कुछ दिन पहले नगर निगम अफसरों ने 15 अलग-अलग स्थानों पर प्लास्टिक सड़कों को तैयार करने का खाका खींचा था. वहीं, अब शहर में कुल छह जोनों के अंतर्गत पहली बार सीएम ग्रिड योजना के तहत 13 सड़कें बनाई जाएंगी. इनमें पहले चरण में जो 5 सड़कें बनेंगी, उनका काम शुरू हो चुका है. इन सड़कों के बनने से शहर में जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल जाएगी. हर साल सड़क खोदाई वाली समस्या भी दूर होगी.
नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि कानपुर स्मार्ट सिटी में शामिल है. शहर में स्मार्ट सिटी योजना के तहत पहले से स्मार्ट पार्किंग, कन्वेंशन, द स्पोर्ट्स हब जैसे प्रोजेक्ट्स बनवाए जा चुके हैं. अब कानपुर में सीएम ग्रिड योजना से हम 13 ऐसी सड़क बनाने जा रहे हैं, जो शहर की मॉडल रोड्स होंगी.
नगर आयुक्त ने ये भी कहा, पहले सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत कानपुर में 10 सड़कों का निर्माण कराया जाना था. हालांकि कुछ दिन पहले ही सीएम कार्यालय से टोटल 13 सड़कें बनाने की स्वीकृति मिली है. यह सभी 13 सड़कें, शहर की सारी स्मार्ट रोड्स होंगी.
फर्राटा भरेंगे वाहन: नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया जो स्मार्ट रोड्स होंगी, उन पर न तो बिजली के खंभे दिखेंगे ना ही वाटर लाइन के कनेक्शन. एंड टू एंड कांसेप्ट पर तैयार हो रही. इन सड़कों पर राहगीर फर्राटा भर सकेंगे. उन्हें सड़क पर किसी तरह की दिक्कतें नहीं होंगी.
सड़क से हटकर वेंडिंग व पार्किंग जोन भी बनाए जाएंगे. अगर कोई किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. पहले चरण में दिसंबर से जनवरी तक सड़कों का निर्माण पूरा हो जाएगा, फिर फरवरी से दिसंबर तक दूसरे चरण में सड़कें बनाएंगे. इसी तरह आगे भी ये क्रम जारी रहेगा.
इन स्थानों पर सीएम ग्रिड योजना से सड़कों का निर्माण
- एनएच 91 से हमीरपुर रोड: लागत 3898.20 लाख रुपये
- बर्रा बाईपास से हमीरपुर रोड: लागत 5881.15 लाख रुपये
- बाबाकुटी से अलंकार गेस्ट हाउस रोड: लागत 1956.48 लाख रुपये
- बगिया क्रॉसिंग से केस्को ऑफिस रोड: लागत 1021.24 लाख रुपये
- घंटाघर से ग्रीनपार्क रोड: लागत 2158.06 लाख रुपये
- स्वरूप नगर थाना वाया मटका तिराहा रोड: लागत 2202.72 लाख रुपये
- नौबस्ता बंबा से कर्रही रोड: लागत 2828.49 लाख रुपये
- दीप सिनेमा तिराहा से सोटे वाले बाबा मंदिर रोड: लागत 3348.87 लाख रुपये
- लाल बंगला रोड से वीआईपी रोड: लागत 3974.26 लाख रुपये
- गुरुदेव सिनेमा से चिड़ियाघर रोड: लागत 4704.35 लाख रुपये
- हमीरपुर मुख्य मार्ग से त्रिमूर्ति अपार्टमेंट रोड: लागत 6075 लाख रुपये
- एनएच 19 से गुरुहर राय स्कूल से हनुमान मंदिर रोड: लागत 5600 लाख रुपये
- गुरुदेव रोड से आईसीएआई भवन रोड: लागत 2718.80 लाख रुपये
यह भी पढ़ें: कानपुर में सीएम ग्रिड योजना से बनने जा रहीं 10 सड़कें, पहले चरण में 133 करोड़ रुपये होंगे खर्च
यह भी पढ़ें: न नोटिस, न मुआवजा! सीएम ग्रिड योजना में तोड़े जा रहे सैकड़ों घर, लोगों का गुस्सा फूटा

