ETV Bharat / sports

यूएई क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, बांग्लादेश के खिलाफ पहली बार किया ये बड़ा कारनामा

संयुक्त अरब अमीरात क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरा टी20I मैच जीतकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है.

UAE Cricket Team
यूएई क्रिकेट टीम (UAE Cricket Official X)
author img

By ETV Bharat Sports Team

Published : May 22, 2025 at 9:15 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

यूएई: संयुक्त अरब अमीरात क्रिकेट टीम ने बुधवार, 21 मई को शारजाह में इतिहास रच दिया है. हाल के टी20I क्रिकेट में सबसे चौंकाने वाले उलटफेरों में से एक को अंजाम देते हुए, संयुक्त अरब अमीरात ने बांग्लादेश को 3 मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 2-1 से मात दी है. यह पहली बार है जब बांग्लादेश को किसी एसोसिएट देश से टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है. सीरीज के आखिरी और निर्णायक तीसरे मैच में 163 रनों का पीछा करते हुए, यूएई ने 7 विकेट और 5 गेंदें शेष रहते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की.

यूएई ने तीसरे टी20I में बांग्लादेश को हराया
मैच से पहले यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. यूएई के गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही ठहराते हुए बांग्लादेश को 20 ओवर में 162 के स्कोर पर रोक दिया. विकेटकीपर-बल्लेबाज जाकिर अली (41) बांग्लादेश के टॉप स्कोरर रहे. सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन ने भी 40 रनों की पारी खेली. इन दोनों के अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज अपना प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहा. यूएई की ओर से हैदर अली ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके. मतिउल्लाह खान और सगीर खान को भी 2-2 सफलता हाथ लगी.

बांग्लादेश द्वारा दिए गए 163 रन के लक्ष्य का पीछे करते हुए यूएई की शुरुआत खराब रही. उसके कप्तान मुहम्मद वसीम सिर्फ 9 रन बनाकर वापस पवैलियन लौट गए. लेकिन, एक छोर पर इस जीत के हीरो अलीशान शराफू ने मोर्चा संभाले रखा. शराफू ने 69 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. उन्हें 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए आसिफ खान का भरपूर का साथ मिला, जिन्होंने 41 रनों की नाबाद पारी खेली. इन दोनों के अलावा सलामी बल्लेबाज मुहम्मद ज़ोहैब ने भी 29 रनों का योगदान दिया.

यूएई ने बांग्लादेश के खिलाफ 2-1 से जीती टी20 सीरीज
पहला टी20 मैच 27 रनों से हारने के बाद, यूएई ने शानदार वापसी की. उन्होंने दूसरे मैच में 200 से ज़्यादा के लक्ष्य का पीछा करते हुए सीरीज बराबर की और इसके बाद बुधवार को खेले गए निर्णायक मैच में शानदार प्रदर्शन किया. यूएई की टीम ने संयम, कौशल और अपने से ज़्यादा अनुभवी प्रतिद्वंद्वी को मात देने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी. इस तरह यूएई ने पहली बार किसी टी20I सीरीज में बांग्लादेश को हराकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया.

ये भी पढे़ं :-