हॉकी एशिया कप 2025: भारत ने जापान को 3-2 से हराया, चीन ने कजाकिस्तान को 13-1 से दी मात
हॉकी एशिया कप के तीसरे दिन भारत ने जापान को 3-2 से हरा दिया है. वहीं चीन ने कजाकिस्तान को 13-1 से मात दी है.

Published : August 31, 2025 at 6:10 PM IST
पटना/राजगीर: हॉकी एशिया कप 2025 का तीसरा दिन दर्शकों के लिए बेहद खास रहा. राजगीर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबले रोमांच और उत्साह से भरपूर रहे. दिन की शुरुआत चीन और कजाकिस्तान के मैच से हुई, जिसमें चीन ने 13-1 से एकतरफा जीत दर्ज की. वहीं दिन का सबसे बड़ा आकर्षण भारत और जापान के बीच खेला गया मुकाबला रहा, जिसमें भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह और मनदीप सिंह के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 3-2 से जीत हासिल की. इस जीत के साथ भारत ने अपने ग्रुप में नंबर वन का स्थान सुरक्षित कर लिया और सेमीफाइनल की राह मजबूत कर ली.
भारत-जापान मैच का रोमांच: भारत और जापान का मुकाबला शुरू से ही रोमांचक रहा. जैसे ही पहली सीटी बजी, भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और शुरुआती मिनटों में ही जापानी डिफेंस पर दबाव बना दिया. मैच के 3:16 मिनट पर मनदीप सिंह ने शानदार गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. इसके कुछ ही सेकंड बाद 4:41 मिनट पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 2-0 की मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
दूसरे क्वार्टर तक भारतीय टीम का दबदबा: दूसरे क्वार्टर के अंत तक भारतीय टीम ने बढ़त बनाए रखी और दर्शक झूम उठे. स्टेडियम में बैठे भारतीय समर्थक 'भारत माता की जय' और 'हरमनप्रीत, मनदीप जिंदाबाद' जैसे नारे लगाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे थे. मैच के 37वें मिनट तक जापान के खिलाड़ी गोल के लिए तरसते रहे लेकिन मैच में मुकाबला भी कड़ा रहा.
जापान की वापसी की कोशिश: तीसरे क्वार्टर में जापान ने कुछ मौके बनाए लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर ने शानदार बचाव किया. हालांकि 37:13 मिनट पर जापान के खिलाड़ी कोसेई क्वाबे ने गोल करके स्कोर 2-1 कर दिया और मैच को रोमांचक बना दिया लेकिन भारत ने अपनी लय नहीं खोई. तीसरे क्वार्टर के अंत में 44:56 मिनट पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एक और गोल दागकर भारत को 3-1 की बढ़त दिला दी.
कप्तान हरमनप्रीत का जलवा बरकरार: चौथे और आखिरी क्वार्टर में जापान ने जोरदार वापसी की कोशिश की. 58:57 मिनट पर फिर से कोसेई क्वाबे ने गोल किया और स्कोर 3-2 हो गया. अंतिम मिनटों में जापानी खिलाड़ियों ने बराबरी का गोल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें सफल नहीं होने दिया. जैसे ही अंतिम सीटी बजी, पूरा स्टेडियम तालियों और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा. इस मैच में भी भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह का प्रदर्शन मैच की जान रहा. उन्होंने न केवल दो गोल किए बल्कि मैदान पर अपनी रणनीति और नेतृत्व क्षमता से टीम को लगातार मजबूत बनाए रखा.

चीन ने कजाकिस्तान को दी करारी शिकस्त: दिन का पहला मुकाबला चीन और कजाकिस्तान के बीच खेला गया, जो एकतरफा साबित हुआ. कजाकिस्तान ने मैच की शुरुआत तो शानदार की. 1 मिनट 14 सेकंड पर आगमैती ड्यूसेंजी ने पहला गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई लेकिन इसके बाद चीन ने जोरदार पलटवार किया. स्थिति ऐसी हो गई कि कजाकिस्तान के खिलाड़ी पूरे मैच गोल के लिए तरस गए.
चीन ने कर दी गोल्स की बरसात: 9:25 मिनट पर चीन के शिहाहो डू ने गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया. इसके बाद चीन ने गोलों की बरसात कर दी. यानलीन लू ने हैट्रिक बनाई, जबकि बेन्हाई चेन, शिहाहो डू, चांगलियान लीन और शिओलोंग गू ने दो-दो गोल दागे. क्विजून चेन और जीसेंग गाओ ने भी एक-एक गोल कर चीन का स्कोर 13 गोल तक पहुंचा दिया. कजाकिस्तान के खिलाड़ी शुरुआती बढ़त के बाद पूरी तरह बिखर गए और लगातार तीसरी हार ने उनके लीग राउंड से बाहर होने की संभावना तय कर दी.
दर्शकों का उत्साह और माहौल: राजगीर का अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम रविवार को पूरी तरह खचाखच भरा हुआ था. हजारों की संख्या में दर्शक सुबह से ही टिकट लेकर पहुंचे और दोनों मैचों का लुत्फ उठाया. बच्चों, युवाओं और महिलाओं की बड़ी मौजूदगी ने माहौल को और भी खास बना दिया. भारत-जापान मुकाबले में हर गोल पर दर्शक उछल पड़े. ढोल-नगाड़ों की थाप, तिरंगे झंडों की लहराहट और जयकारों की आवाज से पूरा स्टेडियम गूंजता रहा. यहां तक कि जापान और कजाकिस्तान के गोलों पर भी दर्शकों ने तालियां बजाकर खेल भावना का परिचय दिया.
भारत की मजबूत स्थिति: इस जीत के बाद भारत ने अपने ग्रुप में टॉप स्थान हासिल कर लिया है. कप्तान हरमनप्रीत सिंह और मनदीप सिंह की शानदार फॉर्म टीम के लिए अच्छे संकेत हैं. भारत की नजर अब सेमीफाइनल पर है और टीम का आत्मविश्वास बुलंद है. वहीं चीन की बड़ी जीत ने भी उनके अभियान को मजबूती दी है.

कोच ने जताई खुशी: टीम की जीत के बाद पत्रकारों से बात करते हुए क्रेग फुल्टन ने कहा कि इस जीत से हमलोग काफी खुश हैं लेकिन टीम को अभी लंबा सफर तय करना है. लगातार दो करीबी मैच जीतने के बावजूद टीम अभी सुधार की गुंजाइश है. कोच ने राजगीर की भीषण गर्मी में दोपहर तीन बजे चीन और जापान जैसी दो मजबूत टीमों के खिलाफ छह अंक हासिल करने पर संतोष जताया. वहीं, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने भी भारतीय टीम की जीत पर खुशी जाहिर की.
"बहुत खुशी की बात है. पूरे बिहार और देश की जनता गौरवान्वित महसूस कर रही है. हमें उम्मीद है कि हम एशिया कप जीतेंगे."- रवीन्द्रण शंकरण, महानिदेशक, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण
ये भी पढ़ें:
एशिया कप हॉकी का रोमांच, दूसरे दिन बांग्लादेश और मलेशिया की धमाकेदार जीत
हीरो एशिया हॉकी कप 2025: बांग्लादेश और चीनी ताइपे के लिए मैच जीतना जरूरी
एशिया कप हॉकी में भारत की धमाकेदार जीत, हरमनप्रीत की हैट्रिक से चीन को 4-3 से हराया

