ETV Bharat / sports

एशिया कप हॉकी 2025: कल सुपर-4 राउंड का महादंगल, भारत से भिड़ेंगी कोरिया की टीम

राजगीर में बुधवार को एशिया कप हॉकी 2025 सुपर-4 राउंड के महादंगल की शुरुआत होगी. शाम 7:30 बजे भारत और कोरिया के बीच महामुकाबला होगा.

Asia Cup Hockey 2025
एशिया कप हॉकी 2025 (BSSA)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : September 2, 2025 at 11:48 AM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना/राजगीर: एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट 2025 अपने मध्य चरण को पार कर चुका है. मुकाबला सुपर-4 राउंड में पहुंच गया है. सोमवार तक खेले गए सभी पूल मैचों के बाद तस्वीर साफ हो चुकी है. बुधवार से रोमांच एक बार फिर चरम पर होगा जब सुपर-4 राउंड के महादंगल की शुरुआत होगी.

भारत की दमदार परफॉर्मेंस: पूल ए में भारतीय टीम ने अपने प्रदर्शन से एक बार फिर साबित कर दिया कि एशिया में हॉकी का सिरमौर वही है. कप्तान हरमनप्रीत सिंह की आक्रामक अगुवाई और टीम की बेहतरीन तालमेल की बदौलत भारत सभी तीन मैच जीतकर 9 अंक जुटाए और ग्रुप में टॉप पर रहा.

Asia Cup Hockey 2025
एशिया कप हॉकी 2025 (BSSA)

भारत के लिए खास बात यह रही कि टीम के युवा खिलाड़ियों ने भी बखूबी जिम्मेदारी निभाई. मध्य पंक्ति में तेज़ पासिंग, पेनाल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत की धारदार स्ट्रोक और सर्कल में अभिषेक की फुर्ती ने भारत को हर मुकाबले में बढ़त दिलाई. इसके अलावा मैदान में बड़ी संख्या में मौजूद भारतीय समर्थकों ने अपने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई में कोई कसर नहीं छोड़ी.

चीन ने किया अंतिम क्षणों में कब्जा: पूल ए में दूसरा स्थान हासिल करने के लिए चीन और जापान के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. दोनों के 4-4 अंक रहे, लेकिन बेहतर गोल औसत के कारण चीन ने सुपर-4 में जगह बनाई. जापान की टीम को यह हार लंबे समय तक याद रहेगी, क्योंकि उनके पास कई मौके थे जिन्हें भुनाया नहीं जा सका.

मलेशिया का शत-प्रतिशत रिकॉर्ड: पूल बी में मलेशिया ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मैच जीतकर 9 अंक जुटाए. मलेशिया की ताकत उसका तेज़ आक्रमण और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की कला रही. असरान हमसानी और हकीमुल्लाह अनवर जैसे खिलाड़ियों ने विपक्षियों की डिफेंस लाइन को ध्वस्त कर दिया.

Asia Cup Hockey 2025
एशिया कप हॉकी 2025 (BSSA)

कोरिया ने लिया सुपर-4 का टिकट: कोरिया ने पूल बी में 6 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहते हुए सुपर-4 में एंट्री ली. हालांकि शुरुआत में उनकी लय कमजोर दिखी, लेकिन आखिरी दो मैचों में उन्होंने बेहतरीन वापसी करते हुए टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत की.

बुधवार से सुपर-4 का आगाज: टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबले कल बुधवार 3 सितंबर से होगा. पहला मैच पूल ए की थर्ड और पूल बी की फोर्थ टीम के बीच होगा. यह मैच जापान और चीनी ताइपे के बीच होगा जो दोपहर 2:30 बजे से खेला जाएगा. इसके बाद असली संग्राम शुरू होगा, जब सुपर-4 राउंड चरण में शाम 5:00 बजे चीन और मलेशिया आमने-सामने होंगे.

शाम में बड़ा मुकाबला: दिन का सबसे बड़ा मुकाबला रात 7:30 बजे भारत और कोरिया के बीच खेला जाएगा. यह मैच दर्शकों के लिए किसी फाइनल से कम नहीं होगा क्योंकि दोनों टीमों की ताकत और खेल शैली बेहद अलग है.

Asia Cup Hockey 2025
एशिया कप हॉकी 2025 (BSSA)

अब तक कुल 101 गोल: टूर्नामेंट में अब तक कुल 101 गोल हो चुके हैं. पहले दिन 26 गोल दागे गए, दूसरे दिन 16 गोल हुए, तीसरे दिन 19 गोल बने और चौथे दिन सबसे ज्यादा 40 गोल देखने को मिले. टीमों के प्रदर्शन की बात करें तो मलेशिया ने अब तक सबसे अधिक 23 गोल किए हैं, जबकि भारत 22 गोल के साथ दूसरे स्थान पर है. चीन ने 18, कोरिया ने 13, जापान ने 11, बांग्लादेश ने 10, चीनी ताइपे ने 3 और कजाकिस्तान ने सबसे कम सिर्फ 1 गोल किया है.

भारत के गोल मशीन बने हरमनप्रीत: टूर्नामेंट के टॉप गोल स्कोरर्स की लिस्ट में भारतीय खिलाड़ियों ने भी जगह बनाई है. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 7 गोल दागे हैं और वह फिलहाल दूसरे स्थान पर हैं. उनका पेनाल्टी कॉर्नर पर सटीक और तेज़ स्ट्रोक विरोधियों के लिए चुनौती बना हुआ है. वहीं, युवा खिलाड़ी अभिषेक ने 4 गोल करके पांचवां स्थान हासिल किया है और टीम की उम्मीदों को मजबूती दी है.

मलेशिया स्टार लेकिन भारत की चमक बरकरार: टॉप-5 स्कोरर लिस्ट में भले ही मलेशिया के हकीमुल्लाह अनवर 9 गोल के साथ सबसे ऊपर हों, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी बताती है कि टीम के पास कई धारदार हथियार हैं. मलेशिया के असरान हमसानी 6 गोल के साथ तीसरे नंबर के हाईएस्ट गोल स्कोरर है. जबकि कोरिया के डैन सोन 5 गोल के साथ चौथे नंबर के हाईएस्ट गोल स्कोरर हैं. हरमनप्रीत और अभिषेक के प्रदर्शन से भारतीय दर्शकों को सुपर-4 में गोलों की बरसात की पूरी उम्मीद है.

Asia Cup Hockey 2025
एशिया कप हॉकी 2025 (BSSA)

भारतीय टीम पर टिकी निगाहें: राजगीर के दर्शक हर मैच में भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे हैं. स्टेडियम में 'इंडिया, इंडिया' के नारों की गूंज खिलाड़ियों को नई ऊर्जा दे रही है. सुपर-4 में भारत का पहला मुकाबला कोरिया से है जो तेज़ रफ्तार हॉकी के लिए जाना जाता है. ऐसे में भारत के डिफेंस और मिडफ़ील्ड पर बड़ी जिम्मेदारी होगी. अगर भारत यह मैच जीतता है तो फाइनल का रास्ता लगभग आसान हो जाएगा.

भारत की उम्मीदें: एशिया कप का यह संस्करण अब तक रोमांच से भरा रहा है, लेकिन असली मुकाबला अब शुरू होना है. भारतीय टीम जिस तरह आत्मविश्वास से खेल रही है, उससे करोड़ों भारतीय दर्शकों को उम्मीद है कि यह बार फिर एशिया कप पर भारत का कब्ज़ा होगा. यह टूर्नामेंट सभी टीमों के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है कि टूर्नामेंट जीतने वाली टीम हॉकी वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालीफाई कर जाएगी.

भारतीय टीम भी वर्ल्ड कप क्वालीफाई करने के इरादे से टूर्नामेंट में उतरी है. कप्तान हरमनप्रीत की अगुवाई, अभिषेक और जुगराज जैसे युवा खिलाड़ियों की आक्रामकता और टीम के संतुलित प्रदर्शन ने भारत को खिताब का सबसे मजबूत दावेदार बना रहा है.

ये भी पढ़ें: एशिया कप हॉकी में भारत की लगातार चौथी जीत, कजाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 15-0 से हराया