ETV Bharat / sports

14 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने जीता विश्व युवा स्क्रैबल चैंपियनशिप का खिताब, हासिल की ये बड़ी उपलब्धि

World Youth Scrabble Championship: विश्व युवा स्क्रैबल चैंपियनशिप के 20वें संस्करण में 18 देशों के कुल 218 खिलाड़ियों ने भाग लिया था.

माधव गोपाल कामथ
माधव गोपाल कामथ (Photo credit Essar)
author img

By ETV Bharat Sports Team

Published : September 2, 2025 at 5:34 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: भारत के माधव गोपाल कामथ ने विश्व युवा स्क्रैबल चैंपियनशिप 2025 (WYSC 2025) का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है. इसके साथ वो प्रमुख वैश्विक स्क्रैबल खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं. 14 वर्षीय माधव गोपाल कामथ दिल्ली के रहने वाले हैं. उन्होंने 24 राउंड में से 21 राउंड जीतकर ये उपलब्धि हासिल की.

इस वार्षिक टूर्नामेंट के 20वें संस्करण में 18 देशों के 18 साल से कम उम्र के कुल 218 खिलाड़ियों ने भाग लिया. ये टूर्नामेंट विश्व अंग्रेजी-भाषा स्क्रैबल खिलाड़ी संघ द्वारा मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित किया गया था.

हर साल की तरह इस साल भी भारत ने WYSC में एक मजबूत दल भेजा था, जिसमें देश के 12 सर्वश्रेष्ठ युवा स्क्रैबल खिलाड़ी शामिल थे. उनमें से सात लड़के और पांच लड़कियां थीं. जिन्हें मुंबई की खिलाड़ी और कोच नीता भाटिया ने प्रशिक्षित किया. इनमें से, पिछले साल श्रीलंका में हुए संस्करण में उपविजेता रहे बेंगलुरु के 15 वर्षीय सुयश मंचाली ने 17 जीत के साथ पांचवां स्थान हासिल किया.

सपने के सच होने जैसा
माधव ने कहा, 'विश्व स्क्रैबल खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बनना एक सपने के सच होने जैसा है. मैं अपने परिवार, कोचों और टीम के साथियों के समर्थन के लिए आभारी हूं, और मुझे उम्मीद है कि इससे भारत के और भी युवा खिलाड़ी इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे और उन्हें विश्वास होगा कि वे उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं.'

सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय चैंपियन
इस साल की शुरुआत में, माधव मुंबई में 25वीं राष्ट्रीय स्क्रैबल चैंपियनशिप जीतकर अब तक के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय चैंपियन बने, और वर्तमान में वह सभी आयु वर्गों में दुनिया में 8वें स्थान पर हैं. माधव ने सिर्फ छह साल की उम्र से स्क्रैबल खेलना शुरू कर दिया था. उनकी असाधारण योग्यता और चतुराई ने उन्हें दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों की श्रेणी में पहुंचा दिया है, और 15 साल की उम्र से पहले ही वैश्विक शीर्ष पांच में जगह बनाने की क्षमता रखते हैं.

14 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने जीता विश्व युवा स्क्रैबल चैंपियनशिप का खिताब
14 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने जीता विश्व युवा स्क्रैबल चैंपियनशिप का खिताब (Photo credit Essar)

ऐतिहासिक मील का पत्थर
स्क्रैबल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष हरविंदरजीत भाटिया ने कहा, 'माधव की जीत भारतीय स्क्रैबल के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है और पूरे समुदाय के लिए गर्व का क्षण है. पिछले कुछ वर्षों में, हमारे युवा खिलाड़ियों ने अपार प्रतिभा दिखाई है, और यह विश्व खिताब वैश्विक स्क्रैबल में भारत के बढ़ते कद को प्रमाणित करता है.'