रामोजी फिल्म सिटी में जल्द ही ग्लोबल टूरिज़्म विलेज और नाइट सफारी का मिलेगा अनुभव
रामोजी फिल्म सिटी लगातार पर्यटकों के लिए नए आकर्षण जोड़ रही है. अब यहां ग्लोबल टूरिज़्म विलेज और नाइट सफारी शुरू होने वाली हैं.


Published : September 27, 2025 at 8:56 PM IST
हैदराबादः रामोजी ग्रुप पर्यटकों के अनुभव को और रोमांचक बनाने की तैयारी में है. दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म सिटी कहलाने वाली रामोजी फिल्म सिटी अब दो नई परियोजनाओं के साथ पर्यटकों के लिए नए आकर्षण और मनोरंजन के विकल्प जोड़ने जा रही है. इससे यहां आने वाले सैलानियों को पहले से ज्यादा रोमांच और विविधता का अहसास होगा.
रामोजी फिल्म सिटी ने तेलंगाना राज्य सरकार के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत रामोजी फिल्म सिटी में एक ग्लोबल टूरिज्म विलेज और नाइट सफारी तैयार की जाएगी. हैदराबाद के शिल्पारामम में शनिवार 27 सितंबर को आयोजित तेलंगाना टूरिज्म कॉनक्लेव में नई परियोजनाओं को लेकर सरकार के साथ समझौता पर हस्ताक्षर किए गए.
2,000 करोड़ रुपये की लागत से ग्लोबल टूरिज्म विलेज और नाइट सफारी परियोजना तैयार की जाएगी. इस मौके पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, रामोजी ग्रुप के सीएमडी चेरुकुरी किरण, रामोजी फिल्म सिटी की एमडी विजयेश्वरी और सलाहकार संबाशिव राव मौजूद रहे. इसी कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र में काम करने वाली कई संस्थाओं को पुरस्कार प्रदान किए गए.

रामोजी फिल्म सिटी को पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी कई श्रेणियों में पुरस्कार मिले हैं. रामोजी फिल्म सिटी स्थित ग्रीन्स इन कोजी एकोमोडेशन ने क्लासीफाइड होटल्स श्रेणी में पुरस्कार जीते. रामोजी फिल्म सिटी स्थित सितारा होटल ने सर्वश्रेष्ठ चार सितारा होटल श्रेणी में पुरस्कार जीते. ये पुरस्कार रामोजी फिल्म समूह के वरिष्ठ अधिकारी विपिन सिंघल, एसबीआर प्रसाद, सोवन मिश्रा और जाफर ने प्राप्त किए.

रामोजी ग्रुप के बारे में जानियेः
रामोजी ग्रुप भारत का एक बड़ा मीडिया और एंटरटेनमेंट समूह है, जिसकी पहचान मुख्य रूप से रामोजी फिल्म सिटी से जुड़ी है. यह फिल्म सिटी हैदराबाद में स्थित है. इसकी स्थापना 1991 में प्रसिद्ध मीडिया उद्यमी रामोजी राव ने की थी. करीब 2,000 एकड़ में फैली यह दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म सिटी है. यहां फिल्मों की शूटिंग, टूरिज़्म और मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध हैं.
इसे भी पढ़ेंः
- रामोजी फिल्म सिटी ने BLTM 2025 में सुर्खियां बटोरीं, भारत के टॉप कॉर्पोरेट इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में स्थिति की मजबूत
- 'रामोजी फिल्म सिटी.. मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि यह तेलंगाना में है': सीएम रेवंत रेड्डी
- कोलकाता ट्रैवल एवं टूरिज्म फेयर में रामोजी फिल्म सिटी को 'सर्वश्रेष्ठ बूथ सजावट' का पुरस्कार मिला
- रामोजी फिल्म सिटी और डॉल्फिन होटल्स को मिला 'ईट राइट कैंपस' सर्टिफिकेट, फूड सिक्योरिटी में स्थापित किया स्टैंडर्ड

