केदारनाथ हेली टिकट बुक करने से पहले पढ़ें ये खबर, साइबर ठगों के जाल में फंसने से बच जाएंगे
केदारनाथ हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर फर्जीवाड़े का रोकने के लिए उत्तराखंड एसटीएफ ने खास तैयारी की है, 4 सदस्यीय टीम बनाई

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : April 8, 2025 at 2:49 PM IST
|Updated : April 8, 2025 at 3:02 PM IST
देहरादून: केदारनाथ धाम यात्रा 2025 के लिए आज 8 अप्रैल से हेली सेवा की बुकिंग शुरू हो गई है. अगर आप भी हेलीकॉप्टर से केदारनाथ जाने की सोच रहे है तो कुछ सावधानियां बरते, तभी आप साइबर ठगों के जाल में फंसने से बच सकेंगे.
दरअसल, केदारनाथ हेली सेवा टिकट बुकिंग के नाम पर हर साल साइबर ठग आम श्रद्धालुओं को अपने जाल में फंसाकर उनसे बड़ी ठगी करते हैं. हालांकि इस बार उत्तराखंड एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने भी साइबर ठगों से निपटने और फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाने के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है.
केदारनाथ हेली सेवा टिकट बुकिंग के नाम पर फर्जीवाड़ा न हो सके, इसके लिए उत्तराखंड एसटीएफ ने साइबर थाने में टीम का गठन किया है. यह टीम सोशल मीडिया पर निगरानी रखेगी. साथ ही श्रद्धालुओं को जागरूक करेगी, ताकि वो किसी भी तरह के फ्रॉड का शिकार न हों. इसके साथ ही पुलिस टीम ने केदारनाथ हेली सेवा और उत्तराखंड चारधाम के नाम पर चल रही फर्जी वेबसाइट बंद कराने के निर्देश दिए हैं.
बता दें कि हर साल केदारनाथ हेली सेवाओं के नाम पर देशभर के लोगों से ठगी की जाती है. साइबर ठग हेली सेवा बुक करने के नाम पर प्रति व्यक्ति हजारों रुपए लेकर फर्जी टिकट भेज देते हैं. साल 2023 में 40 से ज्यादा मुकदमे प्रदेश के अलग-अलग थानों में दर्ज हुए थे. जून 2024 तक ही 85 फर्जी वेबसाइट को बंद कराया था और 45 फर्जी फेसबुक पेज भी बंद कराए गए थे. इन पर हेली सेवाओं को बुक करने संबधी विज्ञापन दिखाए गए थे.
जानिए कैसे आम श्रद्धालुओं को अपने जाल में फंसाते हैं साइबर ठग:
- साइबर ठग हेली कंपनियों के लोगो और नाम का इस्तेमाल करते हैं.
- साइबर ठग ऐसी वेबसाइट बनाते हैं, जो एकदम आधिकारिक लगती है.
- इन वेबसाइट पर कॉन्टैक्ट अस नाम के कॉलम में मोबाइल नंबर दर्ज होता है. जबकि असल वेबसाइट में कोई मोबाइल नंबर नहीं होता है.
- इसी धोखे में आम श्रद्धालु फर्जी वेबसाइट से केदारनाथ हेली सेवाओं की टिकट बुकिंग कर देते हैं. बाद में उन्हें पता चलता है कि जो टिकट उन्हें मिला है, वो फर्जी है.
यहां से करें केदारनाथ हेली सेवा के लिए टिकट बुकिंग: पिछले साल से सरकार ने आईआरसीटीसी को टिकट बुकिंग का काम सौंपा था. ऐसे में केवल इस वेबसाइट www.heliyatra.irctc.co.in से टिकट बुकिंग किए जा रहे हैं. इस साल भी आईआरसीटीसी को जिम्मेदारी मिली है. इस वेबसाइट पर कोई मोबाइल नंबर नहीं दिया गया है, जबकि फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया विज्ञापन में मोबाइल नंबर दर्ज होता है, ताकि लोग इस पर फोन करें और साइबर ठग उन्हें अपनी बातों में फंसा सके.
एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने बताया कि साइबर थाने में सीओ अंकुश मिश्रा के पर्यवेक्षण में चार अधिकारियों की एक टीम बनाई गई है. यह टीम हर समय इंटरनेट पर फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया पर विज्ञापन वाले पेज और पोस्ट आदि की निगरानी करेगी, ताकि समय रहते हुए इन सभी वेबसाइट और पेज को बंद कराया जा सके.
इसके अलावा उन्होंने बताया कि ज्यादा से ज्यादा फर्जी वेबसाइट को बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं और पुलिस की ओर से भी जागरूकता के लिए कार्यक्रम ऑनलाइन चलाए जाएंगे. साथ ही अगर किसी के साथ हेली सेवा के टिकट बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी होती है, तो मुकदमा दर्ज करने का काम किया जाएगा और प्रदेश के किसी भी थाने में इस संबंध में मुकदमा दर्ज होता है तो उसकी निगरानी करेगी.
पढ़ें---
- केदारनाथ हेली सेवा पर रहेगी साइबर एक्सपर्ट की नजर, धोखेबाजों के खिलाफ रचा 'चक्रव्यूह', जानिए कैसे?
- खुशखबरी! बागेश्वर टू देहरादून शुरू होगी हेली सेवा, चारधाम यात्रियों को मिलेगी राहत, जानिये तैयारियां
- चारधाम यात्रा में प्लास्टिक का उपयोग श्रद्धालुओं पर पड़ेगा भारी, प्लास्टिक फ्री यात्रा का ये है प्लान
- चप्पल पहन नहीं चला सकेंगे गाड़ी, रात को ड्राइविंग बैन, चारधाम यात्रा के लिए तैयार सख्त एसओपी
- उत्तराखंड में 336 लैंडस्लाइड जोन चिन्हित, चारधाम यात्रा में बन जाते हैं नासूर, ये है रोड मैप
- चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस ने तैयार किया खाका, हजारों की संख्या में तैनात रहेंगे जवान, जोन में बंटा मार्ग

