पाकिस्तान में 'ठकाठक' से हरीश रावत खुश, बोले आतंकी हाफिज सईद मारा जाएगा तो गोल्ज्यू के मंदिर में चढ़ाऊंगा घंटी
पहाड़ की बात करते-करते हरीश रावत ने आतंकी हाफिज सईद को किया याद,कहा- हाफिज सईद मरा है तो गोल्ज्यू और घंडियाल मंदिर में घंटा चढ़ाऊंगा

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : April 1, 2025 at 1:48 PM IST
देहरादून: पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक और 26/11 मुंबई हमलों के जिम्मेदार हाफिज सईद के करीबी अब्दुल रहमान की गोली मारकर हत्या की खबर है. जिस पर उत्तराखंड के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि मुंबई हमले के गुनहगार हाफिज सईद के करीबियों को ढेर किया जा रहा है. अगर हाफिज सईद भी मारा जाता है, तो वो न्याय के देवता के मंदिर में जाकर घंटी चढ़ाएंगे.
दरअसल, पूर्व सीएम हरीश रावत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा है कि 'पाकिस्तान से आ रही हैं अच्छी खबरें! हाफिज मोहम्मद सईद, बॉम्बे नरसंहार के मास्टरमाइंड के दर्जनों गुरगे एक के बाद एक ठकाठक ठोके जा रहे हैं. खबर तो यहां तक है कि हाफिज सईद भी ढेर हो गए हैं, यदि ये खबर सही निकली तो मैं चितई गोल्ज्यू के मंदिर और पौड़ी में घंडियाल देवता के मंदिर में घंटा चढ़ाऊंगा. क्योंकि, ये लोग मानवता के अपराधी हैं. न जाने कितने घरों के दीये, इन्होंने बुझाए हैं. न जाने कितनी बेटियों का सुहाग, बहनों के भाई और मां के बेटे इन्होंने छीने हैं.'
पौड़ी के #घंडियाल देवता के मंदिर में घंटा चढ़ाऊंगा। क्योंकि यह लोग मानवता के अपराधी हैं, न जाने कितने घरों के दिये इन्होंने बुझाये हैं, न जाने कितनी बेटियों का सुहाग, बहनों के भाई और मां के बेटा इन्होंने छीना है।
— Harish Rawat (@harishrawatcmuk) April 1, 2025
हरीश रावत के पोस्ट पर आ रहे कमेंट्स: वहीं, हरीश रावत के इस पोस्ट पर लोग कमेंट्स कर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं. कुछ लोग लिख रहे हैं कि 'देर आए दुरुस्त आए, भले ही इनडायरेक्ट ही सही, लेकिन सरकार की वो इस पोस्ट के माध्यम से तारीफ कर रहे हैं.' किसी ने 'जय श्री राम' तो किसी ने कमेंट में लिखा कि 'आप किसी विशेष की बात कर रहे हैं. कहीं ऐसा ना हो कि राहुल गांधी आपसे नाराज हो जाएं.'
दोबारा से राजनीति में कुछ नया करने की कह चुके बात: बता दें कि हरीश रावत आए दिन सोशल मीडिया पर उत्तराखंड की राजनीति, व्यंजन और देश के अलग-अलग मुद्दों पर अपनी राय रखते रहते हैं. दो दिन पहले हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर जाकर उन्होंने गंगा स्नान किया था. साथ ही गंगा आरती में भी भाग लिया था. उस समय उन्होंने कहा था कि वो अब दोबारा से राजनीति में कुछ नया करने जा रहे हैं. यानी उनकी सक्रियता आने वाले दिनों में जमीन पर और दिखाई देगी.
उत्तराखंड के पूर्व सीएम हैं हरीश रावत: हरीश रावत देश के वरिष्ठ राजनेता हैं. वो कांग्रेस पार्टी में हैं. हरीश रावत 2014 से 2017 तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे हैं. वो पांच बार संसद सदस्य रहे हैं. हरीश रावत उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के मोहनरी गांव के निवासी हैं. हरीश रावत की बेटी अनुपमा रावत हरिद्वार जिले के ग्रामीण विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं. उनके बेटे वीरेंद्र रावत हरिद्वार सीट से लोकसभा का चुनाव हार चुके हैं. उन्हें बीजेपी के त्रिवेंद्र रावत ने हराया था.
हरीश रावत ने केंद्र में भी कई पद संभाले: 1980 में जब हरीश रावत पहली बार सांसद बने थे तो 7वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित होने पर उन्हें सदस्य, सदन समिति और सदस्य, लोक लेखा समिति बनाया गया था. 1989 में 9वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित होने पर हरीश रावत सदस्य, हाउस कमेटी (1989-91), सदस्य, राजभाषा समिति (1990-91) और संचार मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के सदस्य रहे थे.
2002 में हरीश रावत राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए. इस दौरान वो सदस्य, शहरी और ग्रामीण विकास समिति (2003-04), विद्युत मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के सदस्य (2004-08), सदस्य, भारतीय कृषि अनुसंधान सोसायटी परिषद (2004-08) और सदस्य, एमपीलैड्स समिति (राज्यसभा) (2004-08) रहे.
2009 में 15वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित होने पर हरीश रावत केंद्रीय श्रम और रोजगार राज्य मंत्री (2009-11), केंद्रीय कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री (2011- 2012), केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री (2011- 2012) और केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, जल संसाधन (2012-14) रहे.
ये भी पढ़ें-
- हाफिज का करीबी अबू कताल पाकिस्तान में ढेर, विदेशी धरती पर अब तक कितने आतंकियों का हुआ सफाया, जानिए
- 'हाफिज सईद का भी जल्द यही हश्र हो सकता है', पाकिस्तान में आतंकी अबू कताल की हत्या पर बोले विशेषज्ञ
- आतंकी अब्दुल रहमान मक्की की हार्ट अटैक से मौत, 26/11 हमलों का है गुनहगार
- पाकिस्तानी सेना का ड्रोन हमला, आम नागरिक समेत 12 आतंकी ढेर

