रिटायरमेंट पर "किस्मत" की धूमधाम से करवाई शादी, करनाल के टीचर ने पेश की अनोखी मिसाल
हरियाणा के करनाल के रहने वाले एक टीचर ने रिटायरमेंट पर पार्टी के बजाय एक गरीब लड़की की शादी करवाकर मिसाल पेश की है.

Published : September 16, 2025 at 7:23 PM IST
करनाल : जब कोई शख्स जॉब से रिटायर होता है तो अकसर वो पार्टी का आयोजन करता है, अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को बुलाकर सेलिब्रेट करता है लेकिन हरियाणा के करनाल के रहने वाले एक टीचर ने अपने रिटायरमेंट के बाद पार्टी करने के बजाय एक गरीब लड़की की शादी करवाकर अनोखी मिसाल पेश की है.
सतपाल बिसला ने पेश की मिसाल : करनाल के असंध क्षेत्र के शिक्षक सतपाल बिसला ने मानवता और सेवा की ऐसी नायाब मिसाल पेश की है जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है. उन्होंने ना सिर्फ गरीब लड़की की शादी करवाई बल्कि शादी का पूरा खर्च भी उठाया और समाज के लिए एक नज़ीर पेश की.
‘किस्मत’ की करवाई शादी : आपको जानकर हैरानी होगी कि जिस बेटी की शादी सतपाल बिसला ने करवाई है, उसका नाम "किस्मत" है. वो रंगरूटीखेड़ा गांव के वाल्मीकि समाज से आती है. उसकी मां का निधन पहले ही हो चुका है और पिता की आर्थिक स्थिति बेहद ज्यादा खराब है. ऐसे में टीचर सतपाल बिसला ने अपने रिटायरमेंट को किस्मत के लिए सौभाग्यशाली बना दिया.

रिटायरमेंट पार्टी के बजाय करवाई शादी : 31 अगस्त 2025 को सरकारी नौकरी से रिटायर्ड होने के बाद गणित के शिक्षक सतपाल बिसला शादी करवाने के लिए सीधे किस्मत के घर पहुंचे जहां पर शादी की तैयारियां चल रही थी. कैथल के फरल गांव से बारात आने के बाद विधि-विधान के साथ किस्मत की शादी करवाई और फिर बेटी को विदा किया.

"बेटी की शादी करवाना पुण्य" : उन्होंने कहा कि "रिटायरमेंट पार्टी पर लाखों रुपये खर्च करने से बेहतर है कि किसी जरूरतमंद की मदद की जाए और समाज में एक मिसाल पेश की जाए क्योंकि किसी बेटी की शादी करवाने से बेहतर कोई पुण्य का काम नहीं है. अब वे स्कूल की जिम्मेदारियों से मुक्त हो गए हैं और अब आगे सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाना चाहते हैं."

"किस्मत" को दिया गृहस्थी बसाने का सामान : सतपाल बिसला ने शादी करवाने के बाद किस्मत को घर बसाने के लिए जरूरी सामान भी दिया. इसमें अलमारी, कुर्सी, मेज, बेड समेत कई जरूरी सामान थे. सतपाल बिसला ने कहा कि बेटी को विदा करते समय उसे नई ज़िंदगी के लिए जरूरी सामान देना भी हमारा सामाजिक दायित्व है. उन्होंने कहा कि "ये तो बस आगाज़ है. वे आगे भी इसी तरह की और भी शादियां करवाएंगे."

सतपाल बिसला को जानिए : करनाल के जबाला गांव निवासी सतपाल बिसला ने साल 1995 में गणित शिक्षक के रूप में अपना करियर शुरू किया था. करीब 30 साल तक उन्होंने हजारों बच्चों को गणित पढ़ाया और उनकी अंतिम पोस्टिंग गवर्नमेंट मिडिल स्कूल, रंगरूटीखेड़ा में रही. रिटायरमेंट के दिन भी उन्होंने समाज के लिए सकारात्मक संदेश देने का फैसला लिया. सतपाल बिसला की पत्नी केलो देवी जलमाना के सरकारी स्कूल में हिंदी सब्जेक्ट पढ़ाती हैं. उनके दोनों बेटे वेटरनरी डॉक्टर हैं.

सतपाल बिसला ने की अपील : सतपाल बिसला ने बाकी लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि "वे भी इस तरह के नेक काम में बढ़-चढ़कर शामिल हों. बेटियां सिर्फ किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी होती हैं, ऐसे में मिलजुलकर बेटी की शादी करवाना जरूरी है, खास तौर पर ऐसी बेटियों की शादी जिनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है."

नायब मिसाल पेश की : आमतौर पर जब किसी सरकारी कर्मचारी का रिटायरमेंट होता है तो शानदार पार्टी दी जाती है. लाखों रुपए खर्च किए जाते हैं लेकिन सतपाल बिसला ने एक गरीब बेटी की शादी करवाकर नायाब मिसाल पेश की है.


हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : रोहतक में ऑटो ड्राइवर की बेटी मीनाक्षी हुड्डा बनी वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियन, पिता ने कभी खेलने से रोका था, मां ने किया सपोर्ट
ये भी पढ़ें : हरियाणा के सोनीपत में रोबोट टीचर कराएगा बच्चों की पढ़ाई, बखूबी दे रहा स्टूडेंट्स के हर सवाल का जवाब
ये भी पढ़ें : हिमाचल की पूनम का "सीक्रेट गार्डन", प्रिजर्व फूलों से घर की खूबसूरती में लगाती है चार चांद, महारानी भी है दीवानी

