ETV Bharat / bharat

दिवाली पर 'मीठा जहर' बेचने वालों पर शिकंजा! मिलावटखोरों के खिलाफ उत्तराखंड में FDA का विशेष अभियान जारी

उत्तराखंड में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए चल रहा विशेष अभियान, सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, आप भी रहें सावधान

ADULTERATION IN UTTARAKHAND
मिलावटखोरों पर शिकंजा! (फाइल फोटो- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : October 4, 2025 at 6:10 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

किरन कांत शर्मा

देहरादून: अक्सर त्योहारी सीजन शुरू होते ही मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं. जो दुग्ध उत्पाद, मिठाइयों समेत अन्य खाद्य सामग्री में मिलावट कर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करते हैं. उत्तराखंड में भी कई बार मिलावटखोर पकड़े जा चुके हैं. साथ ही मिलावटी सामान बरामद किए जा चुके हैं. ऐसे में इस बार मिलावटखोरों के खिलाफ अभी से ही सख्ती बरती जा रही है.

हर साल की तरह इस बार भी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों से लेकर राज्य के भीतर तक मिलावटी दूध, घी, तेल, मसाले और मिठाइयों की सप्लाई तेज हो गई है, लेकिन इस बार सरकार पहले से ज्यादा सख्त है. विभाग की मानें तो इस बार 20 दिन का विशेष अभियान शुरू किया गया है. जो सिर्फ दो राज्य की सीमा तक ही सीमित नहीं रहेगा. बल्कि, राज्य के अंदर भी जो लोग मिलावटखोरी कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

त्योहारी सीजन में सेहत को प्राथमिकता: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि त्योहार खुशियों और एकजुटता का खास समय होता है. सरकार की प्राथमिकता यही है कि हर घर की थाली शुद्ध रहे और हर परिवार की खुशियां सुरक्षित रहें. ऐसे में जनता के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा. वहीं, सीएम धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मिलावटखोरों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कठोर कार्रवाई की जाए. ताकि, त्योहारों की मिठास में मिलावट की कड़वाहट न घुल सके.

ADULTERATION IN UTTARAKHAND
मिठाई की दुकान पर छापेमारी (फाइल फोटो- ETV Bharat)

FDA का सघन अभियान और सैंपलिंग जारी: खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पूरे राज्य में मिठाई प्रतिष्ठानों, डेयरी उत्पाद विक्रेताओं, नमकीन भंडारों और खाद्य निर्माण इकाइयों पर व्यापक सैंपलिंग व निरीक्षण अभियान शुरू किया है. गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के सभी जिलों में टीमें गठित की गई हैं.

चारधाम यात्रा मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि, मिलावटी खाद्य सामग्री यात्रियों तक न पहुंच सके. मुख्यालय स्तर पर अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी अभियान की निगरानी कर रहे हैं. साथ ही सभी जिलों को समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि मोबाइल वैनों के माध्यम से सैंपल लिए जा रहे हैं. हर जिले से रिपोर्ट मुख्यालय तक भेजी जा रही है.

दोषियों पर कार्रवाई शुरू: विभाग की टीमें अब तक कई जिलों में छापेमारी कर चुकी है और दर्जनों नमूने जांच के लिए लैब में भेजे जा चुके हैं. मिलावट पाए जाने पर विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए जा रहे हैं. साथ ही जुर्माने लगाए जा रहे हैं और कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ADULTERATION IN UTTARAKHAND
सैंपल लेते खाद्य विभाग के अधिकारी (फाइल फोटो- ETV Bharat)

दीपावली के दौरान बाजारों में बिकने वाला हर उत्पाद चाहे वो दूध हो, खोया, घी, तेल, मसाला या मिठाई पूरी तरह शुद्ध और सुरक्षित हो, इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है. अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, उधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.

विभाग की मानें तो अभी तक करीब 200 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए हैं. निरीक्षण के दौरान 100 किलो से ज्यादा खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट किया जा चुका है. अभी तक 252 दुकानों का निरीक्षण और दोषी पाए गए कारोबारियों पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा चुकी है.

इसके साथ ही करीब 180 खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया है. इसके साथ ही गढ़वाल में भी इसी तरह के अभियान लगातार चल रहे हैं. टिहरी, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग समेत सभी जिलो से सैंपल लिए गए हैं. हरिद्वार के भगवानपुर में तो मिलावटी पनीर और तेल बनाने वालों को खाद्य विभाग की टीम एवं पुलिस ने पकड़ा है. जिसमें आरोपी ने भी माना है कि वो मिलावट कर रहा था.

ADULTERATION IN UTTARAKHAND
मसूरी में सैंपल लेते अधिकारी (फाइल फोटो- ETV Bharat)

क्या कहते हैं अधिकारी? खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (Food Safety and Drug Administration) आयुक्त आर राजेश कुमार ने कहा कि त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं की सुरक्षा विभााग की सर्वोच्च प्राथमिकता है.लगातार राज्य की सीमाओं पर निगरानी की जा रही है. सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

दिन ही नहीं, रात को भी आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है. डेयरी उत्पादों में मिलावट की शिकायतें इस दौरान सबसे ज्यादा आती है. कई बार देखा गया है कि बनी बनाई मिठाई भी अन्य जगहों से लोग लेकर आते हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
- आर राजेश कुमार, आयुक्त, FDA -

ADULTERATION IN UTTARAKHAND
दुकानों में छापेमारी (फाइल फोटो- ETV Bharat)

चारधाम मार्ग पर भी निगरानी बढ़ी: बता दें कि इस समय चारधाम यात्रा भी जारी है इसलिए विभाग ने यात्रा मार्गों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की है. चारधाम यात्रियों को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाने के लिए अलग टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार जांच और सैंपलिंग कर रही हैं. विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थ बिकते नजर आएं तो तुरंत एफडीए की हेल्पलाइन या स्थानीय खाद्य अधिकारी को सूचना दें.

ये भी पढ़ें-