ETV Bharat / bharat

रांची रेल मंडल की नशा तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 'ऑपरेशन नारकोस' और 'ऑपरेशन सतर्क' में उल्लेखनीय सफलता

रांची रेल मंडल की नशा तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. 'ऑपरेशन नारकोस' और 'ऑपरेशन सतर्क' में उल्लेखनीय सफलता मिली है.

RPF achieved remarkable success
आरपीएफ की गिरफ्त में आरोपी (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 18, 2025 at 4:43 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर रांची रेल मंडल ने प्रभावी प्रहार करते हुए 'ऑपरेशन नारकोस' और 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत अभूतपूर्व सफलता हासिल की है. वर्ष 2024 से जून 2025 तक चले इस अभियान में भारी मात्रा में गांजा, ब्राउन शुगर और अवैध शराब जब्त की गई. इस कार्रवाई ने न केवल अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त किया, बल्कि समाज को नशे के खिलाफ कड़ा संदेश भी दिया. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की इस मुहिम में बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के तस्करों को गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय तस्करी के जाल को तोड़ा गया.

ऑपरेशन नारकोस: नशा तस्करी पर करारा प्रहार

रेलवे सुरक्षा बल ने 'ऑपरेशन नारकोस' के तहत नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की. अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के बीच 16 मामलों में 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इस दौरान 294.45 किलोग्राम गांजा और 54.65 किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 50 लाख 83 हजार रुपये है.

आरपीएफ कमांडेंट से बात करते संवाददाता चंदन भट्टाचार्य (ईटीवी भारत)

वहीं, अप्रैल 2025 से जून 2025 की तीन माह की अवधि में 5 मामलों में 10 तस्करों को पकड़ा गया और 114 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 11 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई.

जुलाई 2024 से जून 2025 तक का लेखा-जोखा:

  • मामले दर्ज: 14
  • गिरफ्तारियां: 21
  • गांजा बरामद: 293.45 किलोग्राम
  • अनुमानित कीमत: 42 लाख 88 हजार 500 रुपये

यह अभियान रेलवे सुरक्षा बल की नशा माफियाओं के खिलाफ मुस्तैदी को दर्शाता है. गिरफ्तार तस्करों में बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित अन्य राज्यों के अपराधी शामिल हैं, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर गहरी चोट पहुंची है.

RPF achieved remarkable success
ऑपरेशन के दौरान आरपीएफ (ईटीवी भारत)

ऑपरेशन सतर्क: अवैध शराब पर नकेल

'ऑपरेशन सतर्क' के तहत अवैध शराब के कारोबार पर भी रेलवे सुरक्षा बल ने कड़ा प्रहार किया. जुलाई 2024 से जून 2025 के बीच 98 मामलों में 97 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया. इस दौरान 3,175 बोतलें (17,27,550 मिलीलीटर) शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 17 लाख 12 हजार रुपये रही.

RPF achieved remarkable success
आरपीएफ की गिरफ्त में आरोपी (ईटीवी भारत)

अप्रैल 2024 से मार्च 2025 की अवधि में 97 मामलों में 91 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 3,380 बोतलें (17,16,065 मिलीलीटर) शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 16 लाख 83 हजार रुपये थी.

अप्रैल 2025 से जून 2025 का विवरण:

  • मामले दर्ज: 23
  • गिरफ्तारियां: 23
  • शराब बरामद: 617 बोतलें (3,38,940 मिलीलीटर)
  • अनुमानित कीमत: 2 लाख 67 हजार रुपये

जुलाई 2024–जून 2025 (कुल मिलाकर)

  • मामले दर्ज: 98
  • आरोपी गिरफ्तार: 97
  • शराब जब्ती: 3175 बोतलें (17,27,550 मि.ली.)
  • अनुमानित कीमत: 17,12,048 रुपए

RPF की प्रतिबद्धता: नशामुक्त रेलवे, सुरक्षित समाज

रांची रेल मंडल की यह कार्रवाई न केवल रेल यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करती है, बल्कि रेलवे परिसर को नशामुक्त बनाने की दिशा में भी एक ठोस कदम है. मंडल के कमांडेंट पवन कुमार ने कहा, "रेलवे सुरक्षा बल नशा तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और सख्त करेगी. हमारा लक्ष्य नशे के इस जाल को पूरी तरह खत्म करना है."

ये भी पढ़ें:

मूविंग एंड पैकिंग सर्विसेज की गाड़ियों के जरिए शराब की तस्करी, उत्पाद विभाग की जांच में खुलासा

आरपीएफ का ऑपरेशन आहटः रांची रेलवे स्टेशन से महिला समेत तीन मानव तस्कर गिरफ्तार