ETV Bharat / bharat

AAP MLA अमानतुल्लाह खान को रिहा करने का आदेश, ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से कोर्ट का इनकार

दिल्ली वक्फ बोर्ड की भर्ती से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को ईडी ने गिरफ्तार किया था.

अमानतुल्लाह खान को रिहा करने का आदेश
अमानतुल्लाह खान को रिहा करने का आदेश (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : November 14, 2024 at 11:35 AM IST

|

Updated : November 14, 2024 at 4:01 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्लीः दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली वक्फ बोर्ड की भर्ती से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ ईडी की ओर से दायर पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया है. स्पेशल जज जीतेंद्र सिंह ने अमानतुल्लाह खान को एक लाख रुपये के मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया.

कोर्ट ने कहा कि अमानतुल्लाह खान के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य हैं, लेकिन आरोपी के खिलाफ अभियोजन चलाने के लिए अनुमति नहीं ली गई है. ऐसे में ईडी के चार्जशीट पर संज्ञान नहीं लिया जा सकता है. कोर्ट ने पूरक चार्जशीट की दूसरी आरोपी मरियम सिद्दीकी को बरी कर दिया है. कोर्ट ने कहा कि मरियम सिद्दीकी के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं है.

2 सितंबर को हुई थी गिरफ्तारी
कोर्ट ने 13 नवंबर को चार्जशीट पर संज्ञान लेने के मामले पर फैसला सुरक्षित रख लिया था. ईडी ने 2 सितंबर को अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार किया था. ईडी के मुताबिक, दिल्ली वक्फ बोर्ड की भर्ती में गड़बड़ियों में अमानतुल्लाह खान ही मुख्य आरोपी है. इस मामले में चार लोग पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं जो अभी न्यायिक हिरासत में हैं.

ईडी के मुताबिक, अमानतुल्लाह खान ने आपराधिक गतिविधियों से काफी संपत्ति अर्जित की और अपने सहयोगियों के नाम पर अचल संपत्ति खरीदी है. ईडी के मुताबिक छापे के दौरान कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य ऐसे मिले हैं जिनसे पता चलता है कि वो मनी लाउंड्रिंग के अपराध में लिप्त हैं.

ईडी ने 29 अक्टूबर को इस मामले में अमानतुल्लाह खान के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की थी. पूरक चार्जशीट पर कोर्ट ने 6 नवंबर को सुनवाई की थी. ईडी ने पूरक चार्जशीट पर अमानतुल्लाह खान के अलावा एक महिला मरियम सिद्दीकी को आरोपी बनाया था.

ये भी पढ़ेंः

Delhi: दिल्ली वक्फ बोर्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी सही- ईडी

अमानतुल्लाह खान की इलेक्ट्रिक केतली और ग्लूकोमीटर की मांग पर तिहाड़ ने दाखिल किया जवाब - Amanatullah Khan Aap Mla

AAP विधायक अमानतुल्लाह खान ने ईडी की गिरफ्तारी को बताया अवैध, हाईकोर्ट में दी चुनौती - Delhi Waqf Board job scam

Last Updated : November 14, 2024 at 4:01 PM IST