गुरुग्राम में 5 लोगों की मौत, हाई स्पीड थार डिवाइडर से टकराई, मरने वालों में रायबरेली के जज की बेटी भी, एक घायल
Road Accident in Gurugram: गुरुग्राम के झाड़सा चौक पर तेज रफ्तार थार डिवाइडर से टकराई, पांच की मौत, एक घायल. युवती की पहचान हुई.


Published : September 27, 2025 at 10:09 AM IST
गुरुग्राम: झाड़सा चौक पर शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ. तेज रफ्तार थार गाड़ी नियंत्रण से बाहर होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसा आज सुबह करीब 4:30 बजे का है. यूपी नंबर (UP 81 CS 2319) की थार दिल्ली से झाड़सा चौक के एग्जिट नंबर 9 की ओर आ रही थी. अचानक चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और थार सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. पूरा घटनाक्रम बेहद भयावह था.
मौके पर पांच की मौत, एक की हालत गंभीर: हादसे में गाड़ी में सवार छह लोगों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में दो युवक और तीन युवतियां शामिल हैं. हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तुरंत गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. तीन में से एक युवती की पहचान प्रतिष्ठा मिश्रा के रूप में हुई है, जो रायबरेली के जज चंद्रमणि मिश्रा की बेटी हैं.
मृतकों की हुई पहचान: तीनों मृतक उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे. इनमे प्रतिष्ठा मिश्रा (25) रायबरेली, आदित्य प्रताप सिंह (30) और लवनय (26) आगरा के निवासी शामिल हैं. इसके अलावा मृतकों में एक गौतम (31) है. जो मूल रूप से सोनीपत, हरियाणा का रहने वाला था. एक अन्य मृतका का नाम सोनी है, वो कहां की रहने वाली हैं? ये अभी पता नहीं चल पाया है. हादसे में घायल युवक की पहचान कपिल शर्मा (28) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला है.
Gurugram, Haryana: Five young men died and one was injured when a black Thar, carrying six passengers, lost control due to overspeeding and collided with the exit divider near Jharsa Flyover on the Gurugram-Delhi-Jaipur Highway at 4:30 a.m. The vehicle, bearing a UP registration… pic.twitter.com/c7oxWhUymp
— IANS (@ians_india) September 27, 2025
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की: जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, गुरुग्राम पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके साथ ही दुर्घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई है. गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक "सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जिसमें ड्राइवर की हालत, गाड़ी की तकनीकी स्थिति और गति का आकलन शामिल है. हादसे की एकमात्र पहचानी गई मृतका प्रतिष्ठा मिश्रा बताई जा रही है."
"गुरुग्राम दिल्ली जयपुर हाईवे पर झाड़सा फ्लाईओवर के पास सुबह 4:30 बजे एक काले रंग की थार गाड़ी, जिसमें छह लोग सवार थे, तेज गति के कारण नियंत्रण खोकर एग्जिट डिवाइडर से टकरा गई, जिससे पांच की मौत हो गई और एक घायल हो गया. उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली यह गाड़ी भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई." - ललित, सेक्टर-40 के एसएचओ
गुरुग्राम सड़क हादसे में 5 की मौत: इस हादसे ने महज कुछ पलों में 5 जिंदगियां उनके परिवारों से छीन ली. तेज रफ्तार और असावधानी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. हादसे के बाद आसपास के लोग भी घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और दृश्य को देखकर सन्न रह गए. पुलिस ने स्थानीय लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं. हादसे ने शहरवासियों को एक बार फिर सड़क सुरक्षा के महत्व की याद दिलाई है.
ये भी पढ़ें- गुरुग्राम में ASI के घर से मिला गांजा और पिस्टल, बहू ने लगाए गंभीर आरोप

