बिहार में अपराध की बहार है! 'मौत बांट रही नीतीश सरकार' बोला RJD- 'चारों तरफ चीख-पुकार'
बिहार में बीते कुछ महीनों में अलग-अलग जिलों में कई आपराधिक घटना हुई है. इसी बीच गोपाल खेमका की हत्या से लोगों में आक्रोश है.

Published : July 5, 2025 at 5:16 PM IST
पटना: बिहार के पटना में बड़े बिजनेसमैन गोपाल खेमका की शुक्रवार यानी कि 4 जुलाई की रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई. बाइक सवार अपराधियों ने गोपाल खेमका के अपार्टमेंट के बाहर उन्हें सर पर सटाकर गोली मारी और फरार हो गए. गांधी मैदान थाने से महज 500 मीटर दूर घटना को अंजाम देने से राजनीतिक दलों में आक्रोश है.
पटना में मर्डर: गोपाल खेमका को अपराधियों ने पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक स्थित उनके घर के सामने ही गोली मार दी. बुरी तरह से जख्मी व्यवसायी को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं परिजनों ने आरोप लगाया है कि सूचना के बावजूद 2 घंटे बाद पुलिस पहुंची.

कैसे हुआ मर्डर: पटना में हत्या की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसमें दिख रहा है कि रात के करीब साढ़े ग्यारह बजे गोपाल खेमका के घर के बाहर दो कार आकर रुकती है. एक कार से गोपाल खेमका उतरते हैं.
गोपाल खेमका चलकर जैसे ही वे अपने घर के गेट पर पहुंचते हैं, अचानक साइड से एक अपराधी पहुंचा और गोपाल खेमका के सर पर गोली मार दी. गोपाल खेमका वहीं गिर गए और अपराधी बाइक से भाग निकला.

नीतीश कुमार ने क्या निर्देश दिए: घटना के बाद आनन-फानन में नीतीश कुमार ने डीजीपी और अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ विधि व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में नीतीश ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा. सीएम ने डीजीपी को सख्त निर्देश देते हुए मामले की जांच के बाद कठोर कार्रवाई करने को कहा.
पुलिस का एक्शन: पूरे मामले पर पुलिस की जांच जारी है. घटना की जांच को लेकर बिहार के डीजीपी विनय कुमार के ऑर्डर पर एसआईटी का गठन किया गया है. सेंट्रल एसपी दीक्षा पूरी घटना की जांच को लीड कर रही हैं. हालांकि पुलिस के मौके पर देरी से पहुंचने को लेकर उन्होंने कहा कि सूचना पर पुलिस अस्पताल गई थी.
आरजेडी ने क्या कहा: तेजस्वी यादव ने हमला किया और थाना से चंद कदम दूर हत्या को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि हर महीने बिहार में सैकड़ों व्यापारियों की हत्या हो रही है लेकिन जंगलराज नहीं कह सकते? वहीं मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा है कि बिहार में गुंडाराज कायम हो चुका है. बिहार सरकार मौत बांट रही है.

"सिवान में अपराधियों ने बेखौफ होकर तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया. पटना में भी बड़े व्यवसाय गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है. गांधी मैदान बेहद सुरक्षित माना जाता है. वहां शासन और प्रशासन का पहरा होता है. तीन बार पटना के एसपी बदले गए, लेकिन आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं."- शक्ति यादव, मुख्य प्रवक्ता, आरजेडी
थाना से चंद कदम दूर पटना में बिहार के बड़े व्यापारी की गोली मारकर हत्या!
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) July 5, 2025
हर महीने बिहार में सैकड़ों व्यापारियों की हत्या हो रही है लेकिन जंगलराज नहीं कह सकते? क्योंकि इसे ही शास्त्रों में मीडिया प्रबंधन, परसेप्शन मैनेजमेंट और छवि प्रबंधन कहते है। #Crime #corruption #Bihar
पप्पू यादव का आक्रोश मार्च: घटना के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भी देर रात मौके पर पहुंचे. वहीं शनिवार को समर्थकों के साथ गोपाल खेमका के घर से लेकर सरदार पटेल भवन तक आक्रोश मार्च निकाला. हालांकि पुलिस ने उन्हें श्याम नंदन तिराहा के पास रोक दिया और वहीं पर आक्रोश मार्च समाप्त हो गया.

सीबीआई जांच की मांग: पप्पू यादव ने मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है. वहीं उन्होंने पक्ष और पुलिस प्रशासन पर काफी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने साफ तौर से कहा है कि आजकल नेता और पुलिस दारू और बालू में लगी हुई है और बिहार में अपराध चरम सीमा पर है.
"घटना के बाद से व्यवसायी यहां से पलायन कर रहे हैं. यहां सिर्फ नेता, पदाधिकारी और माफिया संपोषित अपराध है. इस नेक्सेस को खत्म करना होगा."- पप्पू यादव, पूर्णिया सांसद

BJP-JDU की प्रतिक्रिया: बीजेपी प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा है कि गोपाल खेमका की हत्या बेहद दुखद है और हम लोग घटना की निंदा करते हैं. वहीं जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि जिस किसी ने इस कुकृत्य को अंजाम दिया है, उसे बक्शा नहीं जाएगा.
"बिहार में सुशासन है और कानून को हाथ में लेने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा. नीतीश कुमार की सरकार अपराधियों के साथ निपटना जानती है जो कोई भी इस घटना में शामिल है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी."- अरविंद सिंह, बीजेपी प्रवक्ता
"डीजीपी ने तत्काल संज्ञान लिया है और एसपी सेंट्रल के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है. जो कोई भी इस मामले में दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी."- नीरज कुमार, मुख्य प्रवक्ता, जदयू
मर्डर पर सियासत: बिहार के विभिन्न इलाकों से अपराध की खबरें सामने आती रहती हैं. इन मद्दों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमला करती है और नीतीश कुमार के अचेता अवस्था में होने की बात कही जाती है. अब पटना में गोपाल खेमका की हत्या ने विपक्ष को सरकार के खिलाफ एक बड़ा हथियार दे दिया है.
बिहार में बेखौफ अपराधी: राजधानी में बीते कुछ दिनों से अपराधियों के मनोबल आसमान को छू रहे हैं. हत्या, लूटपाट और फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं. दो सप्ताह पहले पटना के पॉश इलाके पोलो रोड में एक युवक पर गोलियां बरसाई गई थीं. तेजस्वी यादव के आवास से थोड़ी दूर फायरिंग हुई थी.
शुक्रवार को सिवान के मलमलिया थाना क्षेत्र के कौड़िया पुल के पास आपसी वर्चस्व और पुरानी रंजिश के चलते तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. तीन लोगों की तलवार से काटकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन की हालत नाजुक है.
बक्सर में तीन की हत्या: बक्सर में एक ही परिवार के तीन लोगों की 24 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना राजपुर प्रखंड के अहियापुर की थी. जानकारी के अनुसार घटना बालू की खरीद-बिक्री को लेकर हुई थी.
मुजफ्फरपुर में हत्या: मई में ही मुजफ्फरपुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था. मामला जिले के सदर थाना क्षेत्र के पताही का था.
बेगूसराय में कारोबारी का मर्डर: शुक्रवार 4 जुलाई को ही बेगूसराय में एक कारोबारी की हत्या कर दी गई थी. ज्वेलरी कारोबारी कुछ दिन से लापता थे, जिनका शव मिला था. पीड़ित परिवार ने पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया था.
ये भी पढ़ें
- तेजस्वी यादव के आवास के बाहर फायरिंग, पास में ही है अशोक चौधरी का बंगला
- 'मेरे आवास के बाहर गोली चली या चलवाई गई है?' तेजस्वी यादव का गंभीर आरोप
- सिवान में ट्रिपल मर्डर, पुरानी रंजिश में अपराधियों ने 5 लोगों को तलवार से काट डाला
- ताबड़तोड़ फायरिंग से सहमा बिहार, तीन लोगों की गोली मारकर हत्या, 2 की हालत गंभीर
- 'लालू यादव से बड़ा जंगलराज आज बिहार सरकार चला रही है', गोपाल खेमका के भाई का सनसनीखेज आरोप
- 'इस बच्चे को क्या दिलासा दूं?' पप्पू यादव बोले- बेटे की हत्या के बाद गोपाल खेमका को दिया था न्याय का भरोसा
- 11:30 बजे गोपाल खेमका की हत्या, 500 मीटर दूर गांधी मैदान थाना, डेढ़ घंटे बाद पहुंची पुलिस
- गोपाल खेमका हत्याकांड के बाद एक्शन में नीतीश, बिहार पुलिस को दिया बड़ा आदेश
- कौन थे गोपाल खेमका, जिनपर घर के सामने ही अपराधियों ने बरसाई गोलियां
- कार रुकी, सामने थे गोपाल खेमका..अपराधियों ने बरसाई गोलियां, CCTV में कैद मर्डर
- बिहार के मशहूर बिजनेसमैन गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या, 6 साल पहले हुआ था बेटे का मर्डर

