ETV Bharat / bharat

नीतीश कटारा हत्याकांड: शादी के लिए विकास यादव को नहीं मिली सुप्रीम कोर्ट से राहत, जानें वजह

नीतीश कटारा हत्याकांड के दोषी विकास यादव को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा.

Nitish Katara murder case
सुप्रीम कोर्ट. (IANS)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : September 26, 2025 at 3:15 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को नीतीश कटारा हत्याकांड में 25 साल की जेल की सजा काट रहे दोषी विकास यादव की अंतरिम जमानत बढ़ाने से इनकार कर दिया. न्यायमूर्ति एम एम सुंदरेश और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ 9 सितंबर के दिल्ली उच्च न्यायालय के अंतरिम आदेश के खिलाफ यादव द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उन्हें अंतरिम जमानत बढ़ाने से इनकार कर दिया गया था. विकास ने उसी दिन आत्मसमर्पण कर दिया था.

क्यों मांगी जमानतः

54 वर्षीय विकास यादव ने कोर्ट को बताया कि 23 साल से अधिक समय जेल में बीता चुका है. उसने इस आधार पर अंतरिम जमानत भी मांगी कि उसकी शादी तय हुई है और उसे 54 लाख रुपये का इंतजाम करना है, जो सजा सुनाए जाने के समय जुर्माना लगाया गया था.

विकास के वकील कृष्णकुमार ने दलील दी, "मेरे पास आधार कार्ड नहीं है. मुझे अपने सभी दस्तावेज जुटाने हैं. और मुझे मुझ पर लगाई गई सजा के तहत 54 लाख रुपये का जुर्माना भरने के लिए धन जुटाना है."

यादव की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गुरु कृष्णकुमार ने कहा कि उच्च न्यायालय इस मामले की सुनवाई 2 दिसंबर को करेगा. वकील ने कहा कि यादव को कई व्यवस्थाएं करनी पड़ीं.

कोर्ट ने क्या कहाः

शीर्ष अदालत ने कहा कि यदि यादव की याचिका स्वीकार कर ली जाती है तो यह एक "कभी न खत्म होने वाली प्रक्रिया" होगी. पीठ ने कहा, "अभी तो शादी है, फिर बच्चे होंगे, यह तो चलता ही रहेगा."

कौन है विकास यादवः

विकास यादव उत्तर प्रदेश के राजनेता डी.पी. यादव के बेटे हैं. नीतीश काटरा हत्याकांड में विकास, उनके चचेरे भाई विशाल यादव को नीतीश कटारा के अपहरण और हत्या के लिए सज़ा हुई थी. एक अन्य सह-दोषी सुखदेव पहलवान को बिना किसी छूट के 20 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी. 29 जुलाई को, सर्वोच्च न्यायालय ने उसे जेल से रिहा करने का आदेश दिया. यह देखते हुए कि उसने इस साल मार्च में अपनी 20 साल की सजा पूरी कर ली थी.

नीतीश कटारा हत्याकांड क्या हैः

23 वर्षीय नीतीश कटारा की 2002 में अपहरण कर हत्या कर दी गई थी. अभियोजन के अनुसार नितीश कटारा का विकास की बहन भारती यादव के साथ प्रेम संबंध था. नितीश की जाति अलग थी. इसी से नाराज विकास और उसके सहयोगियों ने इस वारदात को अंजाम दिया.

इसे भी पढ़ेंः नीतीश कटारा की हत्या के दोषी विकास यादव पर जमानत बढ़ाने के लिए कोर्ट में झूठ बोलने का आरोप, दिया ये आदेश