पीएम मोदी के चरणों में नतमस्तक है सेना, विजय शाह के बाद जगदीश देवड़ा के विवादित बोल
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह के बाद डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने दिया विवादित बयान, कांग्रेस बोली बीजेपी सेना का करती है अपमान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 16, 2025 at 3:27 PM IST
|Updated : May 16, 2025 at 4:56 PM IST
जबलपुर: मध्य प्रदेश में इन दिनों विवादित बयानों का दौर चल रहा है. कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा दिए विवादित बयान का मामला अभी थमा भी नहीं था, कि मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीशव देवड़ा अब विवादित बोल गए. जगदीश देवड़ा ने कहा कि "पूरा देश, सेना और सैनिक पीएम मोदी के चरणों में नतमस्तक है. वहीं डिप्टी सीएम के इस बयान पर कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने निशाना साधते हुए कहा कि नेताओं का दिमाग खराब हो गया है. वहीं बीजेपी ने इस बयान पर सफाई दी है.
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम का विवादित बयान
सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा जबलपुर पहुंचे थे. जहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम की जुबान फिसल गई. डिप्टी सीएम ने देश और सेना को लेकर विवादित बयान दिया. जगदीश देवड़ा ने कहा कि पहलगाम आंतकी हमले को देखकर मन में बहुत क्रोध था.
पहलगाम घूमने गए पर्यटकों को उनका धर्म पूछकर महिलाओं और बच्चों के सामने चुन-चुन कर मारा. यह दृश्य देखकर दिमाग तनाव में था, देश के लोग बदल लेना चाहते थे. माता के सिंदूर को मिटाने का काम जिन आतंकवादियों ने किया, जो लोग आतंकवादियों को पाल रहे है, उनको नेस्तानाबूत नहीं कर देंगे, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे.
'पीएम मोदी के सामने नतमस्तक सेना'
ऑपरेशन सिंदूर की बात करते हुए डिप्टी सीएम ने पीएम मोदी को धन्यवाद दिया. इसके बाद उन्होंने कहा कि पूरा देश, सेना और सैनिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक है. जगदीश देवड़ा के इस बयान के बाद उनकी आलोचना शुरू हो गई. विपक्ष ने उपमुख्यमंत्री को सेना का अपमान करने का आरोप लगाया. मामले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर गर्मी का असर दिख रहा है, इसलिए यह लोग ऊंट-पटांग बयान दे रहे हैंं.
कांग्रेस बोली-बीजेपी कर रही सेना का अपमान
उमंग सिंघार ने कहा कि पहले जनजाति मंत्री विजय शाह ने सोफिया कुरैशी पर गलत बयान दिया, पार्टी ने उनका इस्तीफा अभी तक नहीं लिया, लेकिन उसके पहले ही मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी सेना पर आपत्तिजनक बयान दे दिया है. उन्होंने कहा कि क्या बीजेपी नेता सेना का अपमान नहीं समझती है, जो इस तरह के बयान दे रहे हैं. यह मंत्रियों की व्यक्तिगत बात है या इस पार्टी का बयान समझा जाए, यह पार्टी को स्पष्ट करना चाहिए.
प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर साधा निशाना
वहीं डिप्टी सीएम के बयान पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी आपत्ति जताई. उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा कि "भाजपा के नेताओं की ओर से लगातार हमारी सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है. पहले मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने महिला सैनिकों पर अभद्र टिप्पणी की और अब उनके उपमुख्यमंत्री ने सेना का घोर अपमान किया है.
भाजपा के नेताओं की ओर से लगातार हमारी सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने महिला सैनिकों पर अभद्र टिप्पणी की और अब उनके उपमुख्यमंत्री ने सेना का घोर अपमान किया है।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) May 16, 2025
पूरे देश की जनता सेना के शौर्य पर गौरवान्वित है लेकिन भाजपा के लोग…
पूरे देश की जनता सेना के शौर्य पर गौरवान्वित है, लेकिन भाजपा के लोग सेना को अपमानित कर रहे हैं और भाजपा अपने इन नेताओं पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें बचाने में पूरा जोर लगा रही है. भाजपा ऐसा करके हमारी सेना और देशवासियों को क्या संदेश देना चाहती है?"
- विजय शाह पर मोहन यादव का बयान, कोर्ट का फैसला स्वीकार, कांग्रेस कर रही नाटक
- विजय शाह के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, धरने पर बैठे नेताओं को उठा ले गई पुलिस
बीजेपी ने दी सफाई
वहीं डिप्टी सीएम के बयान पर बीजेपी नेता ने सफाई दी. बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष ऊषा अग्रवाल ने कहा कि "जैसी नजर वैसे नजारे होते हैं. जैसे भाव होते हैं तो आपके सुनने के अर्थ भी वैसे ही हो जाते हैं. कांग्रेस को न देश की सेना का सम्मान है और न देश के प्रति सम्मान है. तभी किसी बयान का इस तरह का भाव वह निकाल रहे हैं. उन्होंने बताया कि डिप्टी सीएम का बयान है कि पूरा देश देश की सेना और सैनिक के प्रति नतमस्तक है, जिन्होंने पाकिस्तान जाकर प्रहार किया है."
तोड़-मरोड़ के पेश किया गया बयान
वहीं अब अपने ही बयान डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने सफाई दी है. उन्होंने कहा "मेरे बयान को कांग्रेस गलत तरीके से पेश कर रही है. मैंने जबलपुर के डिफेंस के कार्यक्रम में कहा था कि देश की सेना ने जो ऑपरेशन सिंदूर जैसा जो काम किया है, उसकी जितनी सरहाना की जाए, वो कम है. देश की जनता सेना के चरणों में नतमस्तक है. उन्होंने कहा मैंने यह बयान दिया, जिसे तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है. जिसने भी ऐसा किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए."

