नाबालिग लड़की की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या! प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला
ओडिशा के क्योंझर में एक नाबालिग लड़की का शव पेड़ से लटकता मिला. परिजनों ने गंभीर आरोप लगाये.


Published : June 18, 2025 at 6:43 PM IST
क्योंझर: ओडिशा के क्योंझर जिले के पंडापाड़ा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मंगलवार को एक नाबालिग लड़की का शव पेड़ पर मिला. पीड़ित परिवार ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या किये जाने की आशंका जतायी. परिजनों ने इस संबंध में पंडापाड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी.
क्या है घटनाः पीड़िता के पिता ने कहा कि सोमवार 16 जून की शाम करीब 7 बजे बेटी का फोन आया था. उसने बताया था कि वह घर लौट रही है. काफी समय होने के बाद वह घर नहीं पहुंची. फोन लगाया तो बंद मिला. रात में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. मंगलवार 17 जून को जब छोटी बच्ची खेत में शौच के लिए गई तो उसने पेड़ से लटकता हुआ शव देखा.
गिरफ्तारी की मांगः मृतका के पिता ने कहा कि उनकी बेटी का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. लड़की के पिता ने न्याय की गुहार लगायी. वहीं घटना की जानकारी होने पर गांव वाले इकट्ठा हो गए. लोगों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर हरिचंदनपुर तहसीलदार और तेलकोई विधायक मौके पर पहुंचे. लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया.
क्या कहती है पुलिसः परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 70(2), 103(1) और पोक्सो एक्ट की धारा 4(2)/6 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा. क्योंझर के एसडीपीओ सुदर्शन गंगई ने कहा, "मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है."
इसे भी पढ़ेंः

