धराली के बाद अब थराली में आपदा, भारी बारिश से घर और गाड़ियां मलबे में दबी, युवती का शव बरामद
चमोली में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. भारी बारिश से कई घरों में मलबा घुस गया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 23, 2025 at 8:22 AM IST
|Updated : August 23, 2025 at 8:36 AM IST
चमोली (उत्तराखंड): उत्तराखंड में मानसूनी बारिश का कहर जारी है. अभी उत्तरकाशी के धराली और स्यानाचट्टी में भारी बारिश से हालात सुधरे भी नहीं थे कि अब चमोली जिले के थराली विकासखंड के अलग अलग हिस्सों में बीती देर शाम से हो रही मूसलाधार बारिश से काफी नुकसान देखने को मिला है. थराली के कोटड़ीप, राड़ीबगड़, अपर बजार, कुलसारी, चेपडो, सगवाड़ा समेत अन्य हिस्सों में अतिवृष्टि से काफी नुकसान हुआ है.
सगवाड़ा गांव में युवती का शव बरामद: हालात ऐसे हैं कि भारी बारिश से बाजार क्षेत्र में दुकानों में मलबा घुस गया है और कई मकानों को भी मलबे से नुकसान पहुंचा है. वहीं चेपडो में अतिवृष्टि से भारी तबाही देखने को मिली है. यहां में एक बुजुर्ग व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिल रही है. इसके साथ ही सगवाड़ा गांव में भी एक 20 वर्षीय युवती मलबे में दब गई. रेस्क्यू टीम ने शव को बरामद कर लिया है, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली भेज दिया गया है.
मलबे की चपेट में कई दुकानें और वाहन: वहीं, नगर पंचायत थराली के कोटड़ीप में दुकानों और मकानों को नुकसान होने के साथ ही गाड़ियां मलबे में दबी हुई हैं. इसके साथ ही तहसील मुख्यालय राड़ीबगड़ में उपजिलाधिकारी आवास के भीतर भी मलबा घुस गया है. नगर पंचायत अध्यक्ष के आवास और राड़ीबगड़ के कई घरों में मलबे से नुकसान पहुंचा है. कई बाइकें और अन्य वाहन मलबे की चपेट में आ गए हैं.
🚨 थराली क्षेत्र से आपदा अपडेट 🚨
— Chamoli Police Uttarakhand (@chamolipolice) August 23, 2025
बीती रात्रि थाना थराली क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना थराली पुलिस ने रात्रि में ही मुस्तैदी दिखाते हुए स्थानीय लोगो को सतर्क किया तथा घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया। pic.twitter.com/5MaiBgTc5D
आपदा के बाद दहशत में लोग: घटना के बाद लोग दहशत में हैं. भारी बारिश के बीच लोगों ने घरों से भागकर सुरक्षित स्थानों पर जाकर शरण ली है. वहीं भारी बारिश से चेपड़ो बाजार में भारी नुकसान हुआ है, यहां 20 से अधिक दुकानें और एक दर्जन से अधिक वाहन मलबे में दब गई हैं. बताया जा रहा है कि यहां एक व्यक्ति भी मलबे में दबा है, जिसकी तलाश जारी है. थराली बाजार में भारी भूस्खलन से दुकानों में अंदर मलबा घुस गया है. करीब पांच गाड़ियां मलबे में दबी हैं.
थराली रेस्क्यू अपडेट
— Chamoli Police Uttarakhand (@chamolipolice) August 23, 2025
थाना थराली पुलिस द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थलों पर पहुँचाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सर्वेश पंवार स्वयं घटनास्थल की स्थिति पर नजर रखे हुए है एवं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। pic.twitter.com/hdrC3xrOJ2
आपदा से संपर्क मार्ग बाधित: बता दें कि, देर रात चमोली जिले के थराली में अत्यधिक बारिश के कारण ऐसे हालात हुए हैं. 50 से अधिक छोटे बड़े वाहन मलबे में दब गए हैं, सड़कें भूस्खलन से पूरी तरह बंद हैं. थराली मुख्य बाजार में 108 एंबुलेस समेत 5 गाड़ियां मलबे में दबे हैं. सड़कें ध्वस्त हो चुकी हैं, पैदल आवाजाही काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. क्षेत्र में संचार सुविधा भी बाधित हो गई है.
🚨 थराली रेस्क्यू अपडेट
— Uttarakhand Police (@uttarakhandcops) August 23, 2025
कल रात्रि हुई अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों में पुलिस का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
👉 ग्रामीणों को सुरक्षित स्थलों तक पहुँचाया जा रहा है।
👉 SDRF व NDRF टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य हेतु रवाना हो चुकी हैं।#UttarakhandPolice pic.twitter.com/rjZg21cCO6
जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी स्वयं मौके का निरीक्षण कर रहे हैं. डीएम संदीप तिवारी ने कहा कि राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है, सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है. प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट की व्यवस्था की गयी है. एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस बल की टीमें मौके पर युद्ध स्तर पर कार्य कर रही हैं. अवरुद्ध मार्गों को सुचारू करने का कार्य किया जा रहा है.

उत्तराखंड में कहर बरपा रही बारिश: उत्तराखंड में भारी बारिश लोगों पर कहर बनकर टूट रही है. इस मानसून सीजन में काफी नुकसान हुआ है. भारी बारिश से आई आपदा में कई लोग जान गंवा चुके हैं तो कई लोगों के घर जमींदोज हो गए हैं. कई संपर्क मार्ग बाधित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

भारी बारिश का अलर्ट: भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर बह रहे हैं. वहीं मौसम विभाग ने 22 से 25 अगस्त तक उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. जबकि 23 अगस्त यानि आज के लिए कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड और कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए सीमांत जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है.
पढ़ें:

