ETV Bharat / bharat

होली पर बंद रहेगा रामनगर कॉर्बेट नेशनल पार्क, 13 और 14 मार्च को नाइट स्टे भी रद्द

कॉर्बेट नेशनल पार्क अपनी जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के लिए जाना जाता है, होली पर शिकारियों पर कड़ी नजर रहेगी

JIM CORBETT PARK CLOSED
जिम कॉर्बेट पार्क में हाथी (Photo- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : March 7, 2025 at 1:59 PM IST

|

Updated : March 7, 2025 at 9:34 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: शुक्रवार 14 मार्च को होली है. होली के त्योहार को लेकर जहां पूरे देश में उत्साह है, वहीं कॉर्बेट नेशनल पार्क प्रशासन ने इस दौरान सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए हैं. कॉर्बेट प्रशासन ने फैसला किया है कि होली के दिन पार्क को सैलानियों के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा. साथ ही शिकारियों और वन्यजीव तस्करों पर पैनी नजर रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं.

होली के दिन बंद रहेगा कॉर्बेट पार्क: दरअसल विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट नेशनल पार्क अपनी जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के लिए जाना जाता है. इस बार होली के मौके पर कॉर्बेट पार्क बंद रहेगा. प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से 13 और 14 मार्च को नाइट स्टे भी रद्द कर दिया है. होली के दौरान अक्सर यह देखा गया है कि शिकारी और वन्यजीव तस्कर इस समय का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं. इसलिए, कॉर्बेट प्रशासन ने इस बार विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है.

होली पर बंद रहेगा रामनगर कॉर्बेट नेशनल पार्क (ETV BHARAT)

सुरक्षा के सख्त इंतजाम: कॉर्बेट प्रशासन ने संवेदनशील इलाके यूपी से लगती इलाकों में गश्त बढ़ा दी है. पार्क के अलग-अलग इलाकों में 9 विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी. साथ ही, कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
कॉर्बेट प्रशासन के अनुसार, 13 मार्च की सुबह सफारी जारी रहेगी, लेकिन शाम की सफारी रद्द कर दी गई है. वहीं, 14 मार्च को पूरे दिन की सफारी बंद रहेगी.

Jim Corbett Park closed
शिकारियों से वन्य जीवों की सुरक्षा की कवायद (Photo- ETV Bharat)

हुड़दंगियों पर भी कड़ी नजर: होली के दौरान अक्सर लोगों की भीड़ कॉर्बेट नेशनल पार्क में घुसने की कोशिश करती है. इससे वन्यजीवों को खतरा हो सकता है. साथ ही मानव-वन्य जीव संघर्ष की आशंका भी होती है. प्रशासन ने इसे रोकने के लिए आबादी वाले इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी है, ताकि कोई अप्रिय घटना नहीं हो.

कॉर्बेट पार्क वार्डन अमित ग्वासकोटी ने क्या कहा: कॉर्बेट नेशनल पार्क के वार्डर अमित ग्वासकोटी ने कहा कि-

'हमारी टीम लगातार गश्त कर रही है. शिकारी और हुड़दंगियों से निपटने के लिए हमने पूरी योजना तैयार कर ली है. जो पर्यटक होली के दौरान कॉर्बेट पार्क घूमने की योजना बना रहे थे, उन्हें अब अपनी यात्रा की योजना दोबारा बनानी होगी. पार्क प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 13 मार्च की शाम और 14 मार्च को कोई सफारी नहीं होगी.'
-अमित ग्वासकोटी, पार्क वार्डन, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क-

जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में पाए जाते हैं ये वन्य जीव: पार्क वार्डन अमित ग्वासकोटी ने बताया कि जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में अनेक तरह के वन्य जीव पाए जाते हैं. इनमें स्तनधारी, पक्षी, सरीसृप और मछलियां शामिल हैं. यहां स्तनधारी वन्य जीवों में बाघ, तेंदुआ, हाथी, चीतल, हिरण, सांभर, हॉग डियर, बार्किंग हिरण, जंगली सूअर, लंगूर और रीसस बंदर हैं. पक्षियों की यहां 600 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं. सर्दियों में विदेशी पक्षियों के आने से पक्षी विविधता अपने चरम पर होती है.

Jim Corbett Park closed
13 और 14 मार्च को कॉर्बेट में नाइट स्टे भी रद्द (Photo- ETV Bharat)

जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में सरीसृपों की भी अच्छी खासी विविधता है. इनमें मगरमच्छ, घड़ियाल, किंग कोबरा, कॉमन क्रेट, कोबरा, रसेल वाइपर, रॉक पायथन और मॉनिटर छिपकली प्रमुख रूप से पाई जाती हैं. मछलियों की भी विभिन्न प्रजातियां जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में हैं. मछलियों में महसीर, ट्राउट, रोहू, कतला, कलिमुची, कलाबासु, चिलवा और गूंच यहां मौजूद हैं. इसके अलावा कॉर्बेट पार्क में एशियाई काला भालू, वॉकिंग हिरण, स्लॉथ बीयर, पीले गले वाला मार्टन, ऊदबिलाव और कई अन्य जानवर भी हैं.

Jim Corbett Park closed
जिम कॉर्बेट पार्क होली पर बंद रहेगा (Photo- ETV Bharat)

2023-24 में आए थे इतने पर्यटक: जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क पर्यटकों में काफी लोकप्रिय है. यहां की जंगल सफारी लोगों को काफी रोमांचक करती हैं. दरअसल जंगल सफारी के दौरान नजदीक से बाघ और हाथी के साथ अन्य वन्य जीव भी दिख जाते हैं. पार्क वार्डन ने बताया कि जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक आते हैं. साल 2023-24 में यहां 3,35,000 पर्यटक आए थे. इनमें से विदेशी पर्यटकों की संख्या 9,000 थी.
ये भी पढ़ें:

Last Updated : March 7, 2025 at 9:34 PM IST