ETV Bharat / bharat

विदेश मंत्री जयशंकर ने सेशेल्स और जिबूती को दी शुभकामनाएं, ईरान-इज़रायल तनाव पर जताई चिंता

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस और जिबूती की स्वतंत्रता की 48वीं वर्षगांठ पर दोनों देशों को शुभकामनाएं दी हैं.

सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस पर भारत की शुभकामनाएं
सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस पर भारत की शुभकामनाएं (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : June 29, 2025 at 6:48 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को सेशेल्स गणराज्य के लोगों, उनकी सरकार और विदेश मंत्री सिल्वेस्ट्रे राडेगोंडे को उनके राष्ट्रीय दिवस की बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “विदेश मंत्री सिल्वेस्ट्रे राडेगोंडे, सरकार और सेशेल्स गणराज्य के लोगों को उनके राष्ट्रीय दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं. विज़न सागर के माध्यम से हमारी दीर्घकालिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध.”

जिबूती की स्वतंत्रता दिवस पर भारत की शुभकामनाएं
इससे पहले शुक्रवार को विदेश मंत्री ने जिबूती की स्वतंत्रता की 48वीं वर्षगांठ के अवसर पर विदेश मंत्री अब्दुलकादर हुसैन उमर और जिबूती की जनता को बधाई दी. उन्होंने लिखा, “स्वतंत्रता की 48वीं वर्षगांठ पर विदेश मंत्री अब्दुलकादर हुसैन उमर, सरकार और जिबूती के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं.”

ईरान-इज़रायल तनाव पर भारत की सक्रियता
मध्य पूर्व में चल रहे गंभीर तनाव के बीच, विदेश मंत्री जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची से कई बार टेलीफोन पर बातचीत की. उन्होंने एक्स पर साझा किया, ईरान के विदेश मंत्री @araghchi से बात की. मौजूदा जटिल स्थिति में ईरान के दृष्टिकोण और सोच को साझा करने के लिए उनका आभार. भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने में मदद करने के लिए धन्यवाद.

ऑपरेशन सिंधु के तहत हजारों भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि "ऑपरेशन सिंधु" के तहत ईरान से 3,426 भारतीय नागरिकों और इज़रायल से 818 नागरिकों को निकाला जा चुका है.

ईरान-इज़रायल संघर्ष और युद्धविराम की अस्थिर स्थिति
टाइम्स ऑफ इज़रायल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और इज़रायल ने हाल ही में ईरान की यूरेनियम संवर्धन और अनुसंधान सुविधाओं पर हमले किए हैं. उनका दावा है कि इससे ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं को काफी पीछे धकेला गया है.

हालांकि, 24 जून को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान और इज़रायल के बीच युद्धविराम की घोषणा की और दोनों पक्षों से इसे बनाए रखने का आग्रह किया.

युद्धविराम के कुछ ही घंटे बाद, उत्तरी इज़रायल की ओर ईरान द्वारा मिसाइल दागे जाने की खबरें आईं, जिससे युद्धविराम टूटने की कगार पर पहुंच गया. इज़रायली नेताओं ने इसका जवाब देने की चेतावनी दी, जबकि ईरान की ISNA समाचार एजेंसी ने मिसाइल दागे जाने की खबर को "झूठा" करार दिया.

भारत ने मध्य पूर्व में बिगड़ते हालात के बीच संतुलित कूटनीति अपनाई है. विदेश मंत्री जयशंकर की लगातार वार्ताएं क्षेत्रीय स्थिरता और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गईं हैं. इसके साथ ही, अफ्रीकी और द्वीपीय देशों के साथ भारत की मित्रता और साझेदारी भी लगातार मजबूत हो रही है.

यह भी पढ़ें- ट्रंप को 'डैडी' बोलकर ईरान ने इजराइल को चिढ़ाया, कहा- अमेरिका के पास भागने के अलावा कोई विकल्प नहीं था