ETV Bharat / bharat

गणेश प्रतिमा ले जाते और मंडप सजाते वक्त करंट लगने से 4 लोगों की मौत

ये हादसे व्यवस्था की खामियों को उजागर करती हैं, नसीहत भी देती हैं कि उत्सव का आनंद तभी है जब सुरक्षा का ख्याल रखा जाए.

electric shock
सांकेतिक तस्वीर. (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : August 20, 2025 at 1:53 PM IST

|

Updated : August 20, 2025 at 2:13 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: गणेश उत्सव की तैयारियों के बीच तेलंगाना के हैदराबाद और कामारेड्डी जिलों से आई दर्दनाक घटनाओं ने उत्साह पर मातम का साया डाल दिया. कहीं प्रतिमा ले जाते समय बिजली के तार ने तीन ज़िंदगियां लील लीं तो कहीं मंडपम सजाते वक्त एक युवक की जान चली गई. त्योहार को लेकर उत्साह के बीच जरा-सी लापरवाही से चार घरों के चिराग बुझ गये.

पुलिस के अनुसार, हैदराबाद के पुराने शहर के पुरानापुल स्थित चंद्रिकापुरम और बैरीपुरगल्ली के विनायक संघों के सदस्यों ने जलपल्ली लक्ष्मीगुड़ा से 19 फुट ऊंची विनायक की प्रतिमा खरीदी थी. इसे ट्रैक्टर से ले जाया जा रहा था. आयोजक अखिल और अन्य लोगों ने मूर्ति को एक ट्रॉली पर चढ़ाया और उसे सहारे के लिए एक स्टील के फ्रेम से वेल्ड किया.

रात करीब 1 बजे, बंदलागुडा के रॉयल सी होटल के पास से गुज़रते हुए, 19 फुट ऊंची प्रतिमा 33 केवी के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से टकरा गई. स्टील के फ्रेम में करंट दौड़ गया, जिससे उसे थामे लोगों की मौत हो गई. अखिल और विकास (22) को गंभीर झटके लगे, जबकि धोनी नामक ट्रैक्टर चालक भी बेहोश हो गए.

उन्हें अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान धोनी और विकास की मौत हो गई. अखिल, आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है. टीजीएसपीडीसीएल के सीएमडी मुशर्रफ अली फारूकी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.

एक अन्य घटना में, बागम्बरपेट निवासी ललिता और राजू का 18 वर्षीय पुत्र रामचरण तेज सोमवार रात एक स्थानीय लाल इमारत में 15 फुट ऊंचा गणेश मंडप बना रहा था. बांस का खंभा हाई-टेंशन तार से छू गया, जिससे उसे करंट लग गया. वह गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई. उसे काचीगुडा अस्पताल ले जाया गया. मंगलवार शाम को उसकी मौत हो गई.

राजन्ना सिरसिला जिले में भी ऐसी ही एक त्रासदी हुई. विश्वनाथ गणेश मंडली के सदस्यों ने कामारेड्डी जिले के आर्मुर से एक प्रतिमा खरीदी थी. मंगलवार को पलवंचा मंडल के अरेपल्ली स्टेज से मूर्ति ले जाते समय, लोहे की सपोर्ट रॉड ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से टकरा गई.

मूर्ति लाने में मदद कर रहे तंगल्लापल्ली मंडल के ओबुलापुर गांव के लक्ष्मीनारायण (20) की मौके पर ही मौत हो गई. सुभाषनगर निवासी उनके दोस्त सिंगन्नावेनी साईकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों ने बताया कि मंगलवार को लक्ष्मीनारायण का जन्मदिन था.

बिजली विभाग बना रहा बहानाः

इस बीच, बंदलागुड़ा दुर्घटना को लेकर विरोधाभासी बातें सामने आईं. टीजीएसपीडीसीएल के सीएमडी फारूकी ने मीडिया को बताया कि वहां बिजली का झटका लगने से किसी की मौत नहीं हुई. दावा किया गया कि एक व्यक्ति ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत डिवाइडर से टकराने के बाद हुई. वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो युवकों की मौत बिजली का झटका लगने से हुई. पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों ने जलने से मौत की पुष्टि की.

इसे भी पढ़ेंः ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, गणेश उत्सव में करंट लगने से एक बच्चे की मौत, दूसरा घायल - करंट लगने से एक बच्चा घायल

Last Updated : August 20, 2025 at 2:13 PM IST