असम छात्रा मौत मामला: सीएम हिमंत और सांसद गोगोई ने सीएम धामी को लिखा पत्र, निष्पक्ष जांच की मांग
असम की छात्रा रोश्मिता होजोई का शव ऋषिकेश में गंगा नदी में मिला था, उनकी संदेहास्पद परिस्थियों में हुई मौत की जांच की मांग

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 14, 2025 at 11:27 AM IST
|Updated : June 14, 2025 at 11:54 AM IST
गुवाहाटी/देहरादून: 10 जून को उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा नदी में असम के गुवाहाटी से लापता युवती का शव मिला था. इस युवती का नाम रोश्मिता होजोई बताया गया था. रोश्मिता अपने दोस्तों के साथ घूमने आई थी और 5 दिन से लापता थी. उसके परिजनों ने टिहरी जिले के मुनि की रेती थाने में रोश्मिता की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. अब असम के सीएम डॉ हिमंत बिस्वा सरमा और राज्य की जोरहाट सीट से कांग्रेस के सांसद और लोक सभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस मामले पर पत्र लिखा है.
असम के सीएम ने धामी को लिखा पत्र: असम के दीमा हसाओ जिले की एक युवती रोश्मिता होजोई रहस्यमय परिस्थितियों में उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा नदी में मृत पाई गई थी. इस घटना के बाद असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है. 12 जून, 2025 को लिखे गए एक आधिकारिक पत्र में डॉ. सरमा ने इस घटना को "गंभीर और परेशान करने वाला" बताया. उन्होंने पत्र में लिखा कि रोश्मिता 6 जून, 2025 को ऋषिकेश में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी. उसके परिवार के अनुसार, वह पहले एक भर्ती परीक्षा के लिए दिल्ली गई थी और बाद में दो अन्य व्यक्तियों के साथ ऋषिकेश गई थी. इसी दौरान वह लापता हो गई. उसके लापता होने और उसके बाद हुई मौत के रहस्यमय हालात ने संभावित गड़बड़ी की चिंता को जन्म दिया है.
We are distressed by the death of Rosmita Hojai, particularly the
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) June 13, 2025
circumstances surrounding her death.
I have personally requested the Hon’ble Chief Minister of Uttarakhand Shri @pushkardhami Ji to examine the issue, so that justice can be delivered. pic.twitter.com/liRDUHdmNm
रोश्मिता होजाई की मौत का मामला: रोस्मिता की मां ने असम में जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसे अब उत्तराखंड के उपयुक्त पुलिस स्टेशन में स्थानांतरित कर दिया गया है. मामले को “गंभीर” बताते हुए और शोकाकुल परिवार की “गहरी पीड़ा” पर जोर देते हुए, डॉ. सरमा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से त्वरित, गहन और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया. उन्होंने सभी संभावित कोणों की जांच करने और यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया कि यदि कोई आपराधिक संलिप्तता पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों को पकड़ा जाए और कानून के अनुसार उन पर मुकदमा चलाया जाए.
असम के सीएम ने लिखा कि रोश्मिता होजोई की मौत ने पूरे असम में आक्रोश और दुख फैलाया है. जांच प्रक्रिया में न्याय और पारदर्शिता की मांग की जा रही है. जनहित समूहों और महिला संगठनों ने भी शैक्षिक और व्यावसायिक अवसरों के लिए यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए बेहतर सुरक्षा उपायों की आवश्यकता का हवाला देते हुए जवाबदेही के लिए लामबंद होना शुरू कर दिया है. उत्तराखंड के अधिकारियों ने अभी तक जांच की स्थिति के बारे में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. जबकि देश जवाब का इंतजार कर रहा है. इस बात पर ध्यान केंद्रित है कि न्याय मिले और रोस्मिता की असामयिक मौत के पीछे की सच्चाई सामने आए.
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने सीएम धामी को लिखा पत्र: इसके साथ ही असम के दीमा हसाओ जिले की युवती रोश्मिता होजाई की दुखद और रहस्यमयी मौत के बाद सांसद गौरव गोगोई ने भी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर मामले की त्वरित, पारदर्शी और गहन जांच का आग्रह किया है. उन्होंने लिखा कि रोश्मिता होजाई 5 जून, 2025 को रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की परीक्षा देने के लिए दिल्ली गई थीं. कथित तौर पर वो उसी दिन लापता हो गईं थी. बाद में उनका शव 10 जून को उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में गंगा नदी के तट पर मिला.
Deeply saddened by the tragic and untimely death of Rosmita Hojai - a young woman from Assam who had travelled to Delhi to appear for a competitive exam in pursuit of her aspirations.
— Gaurav Gogoi (@GauravGogoiAsm) June 14, 2025
I have written to the Chief Minister of Uttarakhand, urging a swift, transparent, and thorough… pic.twitter.com/5RpkUnSFEi
रोश्मिता होजाई की संदिग्ध मौत की जांच को लिखा पत्र: 12 जून को लिखे अपने पत्र में सांसद गौरव गोगोई ने होजाई के लापता होने और उसके बाद हुई मौत की परिस्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त की है. मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि होजाई के साथ आखिरी बार देखे गए दो व्यक्ति भी उत्तराखंड गए थे, जिससे संदेह और बढ़ गया. कांग्रेस सांसद ने कहा, "उनके लापता होने और उसके बाद हुई मौत की परिस्थितियां बेहद परेशान करने वाली हैं और इससे उनके परिवार, दोस्तों और व्यापक समुदाय में गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं।"
गौरव गोगोई ने युवाओं की दूसरे राज्यों में सुरक्षा का मुद्दा उठाया: गौरव गोगोई ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जाए और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बिना देरी के न्याय के कटघरे में लाया जाए. गोगोई ने शैक्षणिक और व्यावसायिक अवसरों के लिए दूसरे राज्यों से आने वाले व्यक्तियों की सुरक्षा के महत्व पर भी जोर दिया.

गौरव गोगोई ने सीएम धामी को पत्र में लिखा है, "मैं आपसे सम्मानपूर्वक इस मामले की त्वरित, पारदर्शी और गहन जांच शुरू करने का आग्रह करता हूं... सभी व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।"
गौरव गोगोई ने जांच में तेजी लाने और रोश्मिता होजई के शोकाकुल परिवार को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत हस्तक्षेप का अनुरोध किया. इस मामले ने व्यापक रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित किया है, और पूरे असम और उसके बाहर निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग जोर पकड़ रही है.
10 जून को गंगा में मिला था रोश्मिता होजोई का शव: जानकारी के मुताबिक, रोश्मिता होजोई 6 जून को ऋषिकेश आईं थी. उसी दिन से उन्हें लापता बताया गया था. 10 जून को उसकी लाश ऋषिकेश के पास गंगा से मिली थी. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रोश्मिता के साथ उनका एक दोस्त हेमंत वर्मा और पंकज भी थे. हेमंत और रोश्मिता ने कॉलेज में एक साथ पढ़ाई की है. काफी समय से दोनों सोशल मीडिया पर साथ थे. इसी बीच रोश्मिता होजोई असम से दिल्ली एग्जाम देने आई थी. दिल्ली में उसे हेमंत वर्मा मिला. दिल्ली से ही दोनों का ऋषिकेश घूमने का प्लान बना.
बताया जा रहा है कि दोनों दिल्ली से ऋषिकेश आए और सबसे पहले नीलकंठ जाने का प्लान बना. हेमंत ने अपने एक दोस्त पंकज को भी अपने साथ ले लिया था. टिहरी के एसपी जेआर जोशी की मानें तो भीड़भाड़ और अधिक जाम होने की वजह से उन्होंने नीलकंठ जाने का प्लान टाल दिया था. इसके बाद वे लोग ऋषिकेश के पास ही टिहरी जिले में शिवपुरी में रुके.
हेमंत और रोश्मिता का हुआ था झगड़ा: बताया जा रहा है कि अगले दिन शिवपुरी में राफ्टिंग से पहले हेमंत और रोश्मिता के बीच कुछ बहस हुई, जिसके बाद रोश्मिता कहीं चली गई. काफी देर बाद भी जब रोश्मिता वापस नहीं आई तो हेमंत और उसके दोस्त ने उसे इधर-उधर काफी ढूंढा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया. इसी दौरान कुछ लोगों ने बताया कि एक महिला गंगा में बह गई.
परिजनों ने शव की शिनाख्त की थी: गंगा में महिला के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. वहीं पुलिस ने रोश्मिता होजोई के परिजनों को भी मामले की जानकारी दी. परिजनों ने मुनि की रेती थाना टिहरी में रोश्मिता होजोई की गुमशुदगी दर्ज कराई. 10 जून को पुलिस को रोश्मिता होजोई की लाश गंगा में मिली. परिजनों ने लाश की शिनाख्त की.
ये भी पढ़ें: असम की लापता युवती की ऋषिकेश में मिली लाश, दोस्तों से साथ आई थी घूमने, पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

