ETV Bharat / bharat

उत्तरकाशी में धराली के बाद हर्षिल में भी दिखा भयानक मंजर, सैलाब की चपेट में आया सब कुछ

उत्तराखंड के हर्षिल घाटी में बादल फटने से तबाही,धराली के बाद हर्षिल में भी काफी नुकसान,सुक्की टॉप के अपोजिट में गाढ़ का दिखा रौद्र रूप

UTTARKASHI HARSIL CLOUDBURST
Etv Bharat (फोटो सोर्स- Local Resident)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 5, 2025 at 5:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के हर्षिल घाटी में भारी बारिश से तबाही मची है. जहां धराली में खीर गाढ़ में जल सैलाब ने सब कुछ तबाह कर दिया है तो वहीं हर्षिल में भी बादल फटने का भयानक वीडियो सामने आया है. सैलाब पेड़ पौधों के साथ ही सबको अपने साथ बहाकर ले जाता दिख रहा है. इसके अलावा सुक्की टॉप के अपोजिट में भी धों गाढ़ उफान पर आया है. वहीं, इस पूरे घटना पर पीएम मोदी से लेकर तमाम मंत्री नजर बनाए हुए हैं.

धराली में खीर गाढ़ ने मचाई तबाही: उत्तरकाशी जिले में आज कुदरत का कहर देखने को मिला है. हर्षिल घाटी में बादल फटने से भारी तबाही मची है. धराली में खीर गाढ़ में भयानक सैलाब आ गया. जिसकी चपेट में धराली बाजार, आवासीय मकान, होटल, होमस्टे और बगीचे आ गए. कई लोग जान बचाकर भागते दिखे. कुछ ही मिनटों में खूबसूरत धराली मलबे में तब्दील हो गया. कई लोगों की जान गई है. बताया जा रहा है कि कई लोग मारे गए हैं तो कई लापता है. बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

धराली के बाद हर्षिल में भी दिखा भयानक मंजर (वीडियो सोर्स- Local Resident)

हर्षिल में भी मलबे ने मचाई तबाही: उधर, धराली से कुछ दूरी पर हर्षिल में भी बादल फटने से तबाही देखने को मिली. जहां गंगोत्री हाईवे वाले रूट की तरफ आर्मी बेस कैंप में बादल फटा है. जहां मलबे के साथ पेड़ पौधे बहते नजर आए. जबकि, कुछ मकान भी बह गए. इसके साथ ही मलबा बहकर नीचे भागीरथी में आ गया. हर्षिल में यह सैलाब जंगलों के ऊपर नाले से आया है. हालांकि, यहां जनहानि की जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है.

UTTARKASHI HARSIL CLOUDBURST
बादल फटने से नुकसान (फोटो सोर्स- Local Resident)

सुक्की टॉप के अपोजिट में गाढ़ का दिखा रौद्र रूप: गंगोत्री हाईवे पर स्थित सुक्की टॉप के अपोजिट में अवाना क्षेत्र में भी बादल फटने से गाढ़ का रौद्र रूप देखने को मिला. भयानक मटमैला पानी मलबे के साथ ही आता दिख रहा है. जिसे देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए. पूरे जिले में लगातार हो रही बारिश की वजह तमाम नदी नाले उफनाए हुए हैं. भागीरथी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है.

UTTARKASHI HARSIL CLOUDBURST
सुक्की टॉप के अपोजिट में उफनाया गाढ़ (फोटो सोर्स- Local Resident)

बारिश से गंगोत्री हाईवे जगह-जगह बंद: भारी बारिश की वजह से गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर आए हुए है. जिससे मार्ग बंद है. उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सड़क मार्ग को युद्ध स्तर पर सुचारू करने के निर्देश बीआरओ को दिए हैं. उधर, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और सेना के जवानों ने धराली-हर्षिल में मोर्चा संभाल लिया है. खबर लिखे जाने तक धराली में करीब 20 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया था.

UTTARKASHI HARSIL CLOUDBURST
हर्षिल में फटा बादल (फोटो सोर्स- Local Resident)

ये भी पढ़ें-