ETV Bharat / bharat

Success Story: युवा उद्यमी कीर्तना ने सिर्फ 50,000 से खड़ा किया 2 करोड़ के टर्नओवर का कारोबार, अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिल चुका है सम्मान

युवा उद्यमी कीर्तना हेल्दी प्रोडक्ट्स का स्टार्टअप चलाकर न सिर्फ सैकड़ों लोगों को रोजगार दे रही हैं, बल्कि देश के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं.

युवा उद्यमी कीर्तना
युवा उद्यमी कीर्तना (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : July 30, 2025 at 4:55 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्लीः सफलता की कहानी दूसरों को प्रेरित करती हैं और दिखाती हैं कि कैसे दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है. ऐसी ही एक कहानी है युवा उद्यमी कीर्तना की. कीर्तना कहती हैं,"बिजनेस ऐसा हो जो समस्या का समाधान दे, जहां प्रॉब्लम होती है वहीं सॉल्यूशन भी होता है". युवा उद्यमी कीर्तना फाइनेंस में एमबीए की पढ़ाई करने के बाद मिलेट्स आधारित हेल्दी प्रोडक्ट्स का स्टार्टअप चलाकर न सिर्फ सैकड़ों लोगों को रोजगार दे रही हैं, बल्कि देश के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं.

हैदराबाद के सुराराम कॉलोनी की रहने वाली कीर्तना ईटीवी भारत से बातचीत में कहा, ''यह कोई प्लान किया हुआ बिजनेस आइडिया नहीं था. कोरोना के समय में मैं और मेरा पूरा परिवार संक्रमित हो गए थे. उस दौरान हमने मेडिसिन के बजाय मिलेट्स आधारित चीजें खाईं, जैसे ज्वार, बाजरा, रागी आदि. हमारी सेहत में काफी तेजी से सुधार हुआ. तब हमारे मन में आया कि क्यों न हम ऐसे प्रोडक्ट बना कर लोगों तक पहुंचाएं जो पूरी तरह से स्वास्थ्यवर्धक हों, जिनमें मैदा, चावल, गेहूं और शुगर न हो." जब कीर्तना ने अपने उत्पाद दूसरों को देना शुरू किया, तो वहां भी स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव दिखा. यहीं से उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली.

युवा उद्यमी कीर्तना की सफलता की कहानी (ETV Bharat)

छोटी शुरुआत के साथ बड़ा सपनाः कीर्तना अपने परिवार के सहयोग से घर से ही 50,000 रुपये की पूंजी से 9Nutz नाम से कंपनी शुरू की, लेकिन इतनी राशि से सीमित लोगों तक ही प्रोडक्ट पहुंचाया जा सकता था. कीर्तना बताती हैं कि "हमारे पास संसाधन सीमित थे लेकिन सपने बड़े थे. सपनों को आकार देने के लिए हमें फंड की जरूरत थी, जिससे हम अपने बिजनेस को विस्तार और दूसरों को रोजगार दे सकें.

राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिला सम्मान
राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिला सम्मान (ETV Bharat)

कीर्तना ने बताया कि उन्होंने भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट (बीवाईएसटी) से संपर्क किया. ट्रस्ट के लोगों से काफी मदद मिली. लोन के लिए आवेदन कैसे किया जाता है, जरूरी दस्तावेज क्या होते हैं. किस तरह बातचीत करनी चाहिए. सहयोग से उन्हें 5.3 लाख रुपये का लोन मिला. इसके बाद कारोबार को धीरे-धीरे एक दिशा मिलने लगी.

राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानः कीर्तना ने बताया कि वर्ष 2020 में जब उऩ्होंने यह स्टार्टअप शुरू किया था, तब उनकी उम्र महज 24 वर्ष थी. चार साल के भीतर ही उन्हें वर्ष 2024 में "यंगेस्ट एंटरप्रेन्योर अवार्ड" लंदन में प्रदान किया गया. इस अवार्ड के लिए उन्हें भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट द्वारा नामित किया गया था. जहां पर इस अवार्ड के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका चयन किया गया. इस उपलब्धि ने कीर्तना को देशभर में पहचान दिलाई.

युवा उद्यमी कीर्तना
युवा उद्यमी कीर्तना (ETV Bharat)

मिलेट्स से एक हेल्दी स्टार्टअपः आज कीर्तना की कंपनी 9Nutz की 10 फ्रेंचाइजी हैं, जो तेलंगाना व आंध्र प्रदेश में कार्यरत हैं. उनकी कंपनी पूरी तरह से मिलेट्स के उत्पाद बनाती है, जो पूरी तरह से स्वास्थ्यवर्धक व जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों को कम करने में सहायक हैं. मिलेट्स से कीर्तना आज लड्डू, नमकीन, चिप्स, मिठाई, कुकीज, चाकलेट एंड प्रोटीन जैसे 100 से अधिक उत्पाद बना रही हैं.

कीर्तना बताती हैं कि उनके परिवार में उनसे पहले कोई भी उद्यमी नहीं था. "पहले हमारे घर की महिलाएं कभी काम करने के लिए बाहर नहीं निकली थीं, लेकिन आज मैं एक कंपनी चला रही हूं. साथ ही महिलाओं को भी बाहर निकाल कर रोजगार दे रही हूं."

युवा उद्यमी कीर्तना
युवा उद्यमी कीर्तना (ETV Bharat)

महिलाओं को सशक्त बनाने की मिसालः कीर्तना महिलाओं को रोजगार देने को प्राथमिकता देती हैं. वह बताती हैं कि "हम महिलाओं को उनके समय के अनुसार काम करने की आजादी देते हैं, जिससे कि वह घर और बच्चों को संभालते हुए काम भी कर सकें. आज मेरी कंपनी में 30 से अधिक महिलाएं काम कर रही हैं. इसके अतिरिक्त फील्ड में काम करने वाले लोग हैं. सैकड़ों लोगों को प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से रोजगार मिला हुआ है. सालाना कंपनी का दो करोड़ रुपये का टर्नओवर हो रहा है."

इंडिया हैबिटेट सेंटर में प्रदर्शनीः कीर्तना ने अपनी कंपनी के उत्पादों की प्रदर्शनी इंडिया हैबिटेट सेंटर में भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट द्वारा आयोजित जेआरडी टाटा अवॉर्ड 2025 कार्यक्रम में लगाई, जहां पर देशभर के सैकड़ों युवाओं ने न सिर्फ उनके उत्पादों को देखा बल्कि बल्कि उनकी सफलता के बारे में भी जाना. केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उनके स्टॉल का दौरा किया और उनके उत्पादों की सराहना की.

युवा उद्यमी कीर्तना ने 50 हजार से शुरू किया कारोबार 2 करोड़ के टर्नओवर तक पहुंचाया
युवा उद्यमी कीर्तना ने 50 हजार से शुरू किया कारोबार 2 करोड़ के टर्नओवर तक पहुंचाया (ETV Bharat)

युवा उद्यमियों का बढ़ाया मनोबलः बीवाईएसटी ने देशभर में करीब 20 लाख युवाओं तक पहुंच बनाई है. 820 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित करवाए हैं. साथ ही 5 लाख से अधिक रोजगार सृजित किए हैं. यह ट्रस्ट युवाओं को मेंटरशिप व वित्तीय सहायता प्रदान कराता है, जिससे वे नौकरी ढूंढ़ने की बजाय नौकरी देने वाले बन सकें. मंगलवार को आयोजित इस समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने युवा उद्यमियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया.

ये भी पढ़ें:

  1. Occult science में कैंसर रोगियों और गरीब परिवार के छात्रों ने प्राप्त की डिग्रियां, एक रुपए में हासिल की शिक्षा
  2. ट्रांसजेंडर्स के लिए ऐतिहासिक पहल: रोजगार मेले में 100 नौकरियों का लक्ष्य, 58 को मिली नियुक्ति