ETV Bharat / bharat

हनी ट्रैप में फंसाकर राजस्थान के युवक को फरीदाबाद में बंधक बनाया, जान बचाने के लिए अर्धनग्न अवस्था में छत से कूदा

फरीदाबाद में हनी ट्रैप से फंसे राजस्थान निवासी युवक ने जान बचाने के लिए छत से अर्धनग्न अवस्था में ही छलांग लगा दी.

honey trap in Faridabad
राजस्थान का युवक फरीदाबाद में हनी ट्रैप में फंसा (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : September 15, 2025 at 9:05 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबाद: शहर के पर्वतीय कॉलोनी में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. 14-15 सितंबर की रात अचानक से अर्धनग्न अवस्था में एक युवक छत से कूद गया. इसके बाद क्या था पूरे मोहल्ले में हंगामा शुरू हो गया. मौके पर जमा भीड़ अर्धनग्न युवक को मारने पर उतारू हो गई तो कोई चोर समझकर पुलिस के हवाले करना चाह रहा था. इसी बीच जब उससे पूछा गया तो हनीट्रैप का मामला खुला. इस दौरान लोगों ने पुलिस से भी शिकायत की.

क्या है मामलाः राजस्थान के भिवाड़ी में प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले एक युवक को पहले फोन कॉल के जरिए महिला ने दोस्ती कर फंसाया. फिर उसे घर बुलाकर बंधक बनाकर मारपीट की. आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने युवक से रुपए और मोबाइल भी छीन लिए. उसकी वीडियो भी बनाई. खुद को फंसा देख युवक अर्धनग्न अवस्था में ही पड़ोसी की छत पर कूदकर किसी तरह बच निकला.

हनी ट्रैप में फंसे राजस्थान के युवक ने जान बचाने के लिए अर्धनग्न अवस्था में छत से लगाई छलांग (Etv Bharat)

पीड़ित की कहानी पुलिस की जुबानीः सारण थाना पुलिस के अनुसार, "राजस्थान का गांव बधाना निवासी युवक भिवाड़ी की एक कंपनी में काम करता है. कुछ समय पहले उसके पास एक महिला का कॉल आया, जिसने खुद को गलती से नंबर लगाने की बात कही. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे मुलाकात की योजना बनी. महिला ने युवक को फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी, मकान नंबर 154 पर बुलाया. रविवार रात युवक अपने दोस्त के साथ फरीदाबाद आया. दोनों को चाचा चौक पर महिलाएं मिलीं और फिर उन्हें लेकर पर्वतीय कॉलोनी स्थित घर पहुंचीं. वहां दोनों महिलाओं ने दोनों को अलग-अलग कमरों में बुलाया. युवक का आरोप है कि कुछ ही देर बाद घर में अन्य लोग आ गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान आरोपियों ने उसकी वीडियो भी बनाई और धमकाया. किसी तरह मौका पाकर युवक अर्धनग्न अवस्था में ही पड़ोस की छत पर कूद गया और शोर मचा दिया."

ग्रामीणों ने पहले चोर समझकर पीटाः पुलिस के अनुसार "शोर सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और युवक को पकड़ लिया. शुरुआत में लोगों ने उसे चोर समझकर पीटा, लेकिन बाद में जब पूरी सच्चाई सामने आई तो लोग उसे वापस उस घर तक लेकर गए. पीड़ित का आरोप है कि महिला के साथियों ने उससे 10 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी छीन लिया. युवक ने सारन थाना पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों को राउंडअप कर लिया. पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक आरोपियों पर BNS की सात धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल सभी से पूछताछ चल रही है."

क्या है एफआईआर मेंः पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि "14-15 सितंबर की रात पुलिस चौकी परबत्ती कॉलोनी राजस्थान के वधाना निवासी युवक ने शिकायत करते हुए कहा कि 6-7 दिन पहले उसके मोबाइल पर एक मिस कॉल आया था. जिस नंबर पर उसने बात की तो किसी महिला का मोबाइल नंबर था. उससे उसकी बात होनी शुरू हो गई. महिला ने उसे मिलने के लिए फरीदाबाद आने को कहा. जिस पर वह अपने एक दोस्त के साथ 14 सितंबर को फरीदाबाद पहुंचा. चाचा चौक पर महिला अपने एक और महिला साथी के साथ उससे मिली. महिला उसे अपने घर लेकर गई. जहां महिला ने अपने कथित पति के साथ मिलकर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की. रेप का आरोप लगाने का डर दिखाकर 10 हजार रुपये ऐंठ लिए और मोबाइल भी छीन लिया. इस साजिश में शिकायतकर्ता का साथी भी शामिल था. पुलिस ने मामले में शिकायतकर्ता के दोस्त, आरोपी महिला और उसकी महिला दोस्त, आरोपी महिला के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है."

ये भी पढ़ें-अंबाला में हनी ट्रैप का सनसनीखेज मामला, पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों को दबोचा