आफत की बारिश, पिछले 48 घंटों में स्टेट हाईवे समेत 24 सड़कें बंद, 23 दिन में 46 लोगों की मौत
उत्तराखंड में पिछले 48 घंटों में बारिश के कारण 24 सड़कें बंद हो गई हैं. इसमें स्टेट हाईवे समेत बॉर्डर रोड भी शामिल हैं.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 24, 2025 at 2:10 PM IST
|Updated : June 24, 2025 at 3:32 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड में मॉनसून की दस्तक के बाद स्थितियां गंभीर होती दिखाई दे रही हैं. बीते 48 घंटे से उत्तराखंड के खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण हाईवे, बॉर्डर रोड समेत 24 सड़क मार्ग बाधित हो गए हैं. मॉनसून के शुरुआती दौर में ही हुई बारिश ने सरकार की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है. जबकि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के तमाम हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है. ऐसे में प्रदेश के खासकर पर्वतीय क्षेत्रों की स्थितियां और अधिक गंभीर होने की आशंका है. प्राकृतिक आपदा की वजह से अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि आठ लोग घायल और दो लोग अभी भी लापता हैं.
प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश से कारण बनने वाली आपदा जैसी स्थिति से निपटने के लिए कई दौर की बैठकें की जा चुकी हैं. खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कई बार आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक कर चुके हैं. लेकिन वर्तमान समय में प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बनी स्थिति आपदा प्रबंधन विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाती नजर आ रही है. हालांकि, आपदा प्रबंधन विभाग प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में 30 जून को मॉक ड्रिल करने जा रहा है. ताकि भारी बारिश के दौरान मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होती है, तो उस दौरान राहत बचाव कार्यों को सही ढंग से किया जा सके.
#WATCH | Dehradun, Uttarakhand: Dehradun IMD Scientist Bikram Singh says, " the monsoon was declared in uttarakhand on june 20. continuous rain is occurring. heavy rain has not been observed much. in the last 24 hours, light to moderate rain has occurred in many places. some areas… pic.twitter.com/C2LxJ7gKRV
— ANI (@ANI) June 24, 2025
जानें किन जिलों में कितनी सड़कें बाधित: राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान समय में प्रदेश के तमाम जिलों में 24 सड़क मार्ग बाधित हैं. अल्मोड़ा जिले में एक स्टेट हाईवे और एक पीडब्ल्यूडी सड़क मार्ग बाधित है. हरिद्वार जिले में एक स्टेट हाईवे बाधित है. पिथौरागढ़ जिले में एक बॉर्डर रोड के साथ ही एक पीडब्ल्यूडी की सड़क बाधित है. टिहरी जिले में पीडब्ल्यूडी की 6 सड़कें बाधित हैं. चमोली जिले में पीडब्ल्यूडी की 6 सड़कें बाधित हैं. बागेश्वर और चंपावत जिले में पीडब्ल्यूडी की तीन-तीन सड़कें बाधित हैं. पौड़ी जिले में पीडब्ल्यूडी की एक सड़क बाधित है. प्रदेश के कई जिलों में कुल 24 सड़क मार्ग यानी दो स्टेट हाईवे, एक बॉर्डर रोड और 21 पीडब्ल्यूडी की सड़कें बाधित हैं.

जानें कितनी हुई मौतें: उत्तराखंड राज्य में प्राकृतिक आपदा और सड़क हादसे में भी लगातार मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है. 1 जून से 23 जून के बीच प्राकृतिक आपदा की वजह से 18 लोगों की मौत, आठ लोग घायल और दो लोग लापता हो गए हैं. सड़क हादसों में एक जून से 23 जून तक 28 लोगों की मौत, 128 लोग घायल और 2 लोग लापता हैं. इसके अलावा उत्तराखंड चारधाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के मौतों का आंकड़ा भी 142 हो गया है. जिसमें स्वास्थ्य खराब होने की वजह से 123 श्रद्धालुओं की मौत, अन्य कारणों से 15 श्रद्धालुओं की मौत और प्राकृतिक आपदा की वजह से 4 श्रद्धालुओं की मौत शामिल है. साथ ही प्राकृतिक आपदा की वजह से 3 श्रद्धालु घायल और 2 श्रद्धालु लापता हैं.

प्रदेश में 27 जून तक भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी: 24 जून को बागेश्वर जिले में कहीं कहीं बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और अन्य जिलों देहरादून, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.

- 25 जून को प्रदेश के देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट के साथ ही, प्रदेश के अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- 26 जून को प्रदेश के रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट के साथ ही, प्रदेश के अन्य जिलों देहरादून, टिहरी, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- 27 जून को प्रदेश के बागेश्वर और नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट के साथ ही, प्रदेश के अन्य जिलों रुद्रप्रयाग, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें:

