झारखंड

jharkhand

ETV Bharat / state

रांची सिटी एसपी पारस राणा की क्राइम मीटिंग, अपराध नियंत्रण पर कड़े निर्देश

रांची पुलिस की क्राइम मीटिंग सिटी एसपी पारस राणा ने पुलिस अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

Ranchi Police crime meeting
क्राइम मिटिंग में एसपी पारस राणा और अन्य पुलिस अधिकारी (ETV Bharat)

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : September 18, 2026 at 9:01 PM IST

रांची:राजधानी रांची में अपराधनियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर सिटी एसपी पारस राणा ने शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग की. बैठक में एएसपी कोतवाली निखिल राय, एएसपी साक्षी जमुआर समेत शहर के विभिन्न डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे. हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं की समीक्षा के साथ लंबित कांडों के अनुसंधान, अपराधियों की निगरानी और आगामी पर्व-त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई.

अपराध हुआ तो तत्काल कार्रवाई, शिकायत पर भी गंभीरता

सिटी एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि थाने पहुंचने वाले हर फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए. संज्ञेय अपराध की सूचना मिलने पर नियमानुसार तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए और जांच में अनावश्यक देरी न हो. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुलिस की कार्रवाई जितनी तेज और पारदर्शी होगी, आम लोगों का पुलिस पर भरोसा उतना ही मजबूत होगा.

सिटी एसपी का बयान (ETV Bharat)

सक्रिय अपराधियों की तैयार होगी प्रोफाइल, पुराने अपराधियों पर नजर

बैठक में सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया. पुलिस अधिकारियों को अपराधियों की प्रोफाइलिंग करने, पुराने और आदतन अपराधियों की गतिविधियों की निगरानी बढ़ाने तथा जेल से बाहर आए अपराधियों पर भी नजर रखने को कहा गया. संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

क्राइम मिटिंग में पुलिस अधिकारी (ETV Bharat)

लंबित कांडों का जल्द हो निष्पादन

सिटी एसपी ने थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने को कहा. जिन मामलों में जांच पूरी हो चुकी है, उनमें नियमानुसार आगे की कार्रवाई जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के साथ पुराने मामलों का समयबद्ध निष्पादन भी पुलिस की प्राथमिकता है.

पर्व-त्योहार को लेकर संवेदनशील इलाकों पर खास नजर

आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने, असामाजिक तत्वों की पहचान करने और उन पर लगातार नजर रखने को कहा गया. अफवाह, विवाद और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय सूचना तंत्र को मजबूत रखने का निर्देश दिया गया.

क्राइम मिटिंग में एसपी पारस राणा और अन्य पुलिस अधिकारी (ETV Bharat)

ग्राउंड पुलिसिंग पर जोर

सिटी एसपी ने अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने और पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना को नजरअंदाज न किया जाए और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ प्रभावी पुलिसिंग और आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया.

ये भी पढ़ें:

कानून-व्यवस्था को लेकर देर रात सड़क पर उतरे एसएसपी, सुनसान इलाकों से लेकर क्राइम स्पॉट तक का लिया जायजा

'लड़की का मामला है' कहकर उठा ले गए आरोपी, घंटों जंगल में टॉर्चर, जानें हर्ष अपहरण की इनसाइट स्टोरी