दिल्ली

delhi

ETV Bharat / state

दिल्ली: राशिद हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, एनकाउंटर के बाद दो शूटर गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आतिफ और इस्माइल के रूप में हुई है.

प्रीकात्मक तस्वीर
प्रीकात्मक तस्वीर (ETV Bharat)

By ETV Bharat Delhi Team

Published : June 18, 2026 at 6:59 AM IST

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद स्थित नेहरू विहार में दिनदहाड़े हुए राशिद रंगरेज हत्याकांड में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हत्याकांड में शामिल दो मुख्य शूटरों को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने यमुना खादर इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस और बदमाशों के बीच हुई गोलीबारी में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आतिफ और इस्माइल के रूप में हुई है. दोनों पर 15 जून को मुस्तफाबाद के नेहरू विहार में राशिद रंगरेज की हत्या को अंजाम देने का आरोप है. वारदात के बाद से ही दोनों फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी.

जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को दोनों आरोपियों की यमुना खादर इलाके में मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की. खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया. मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं.

क्या था पूरा मामला
गौरतलब है कि 15 जून की शाम करीब 6:10 बजे नेहरू विहार इलाके में तीन हमलावरों ने राशिद रंगरेज पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं. गंभीर रूप से घायल राशिद को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था. घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था और पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें गठित की थी.

इससे पहले पुलिस ने मामले में अयान (21) और इमरान (20) को गिरफ्तार किया था. जांच में सामने आया था कि इमरान ने शूटरों को वारदात के लिए चोरी की स्कूटी उपलब्ध कराई थी, जबकि अयान ने राशिद की लोकेशन और इलाके की रेकी कर हमलावरों को जानकारी दी थी. वारदात में इस्तेमाल स्कूटी नूर-ए-इलाही क्षेत्र से चोरी की गई थी.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार शूटरों से पूछताछ जारी है. हत्याकांड के पीछे की साजिश, फरार अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें-ग्रेटर नोएडा में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, हॉस्टल निर्माण स्थल पर मिले दो शव, जांच शुरू

ये भी पढ़ें-ग्रेटर नोएडा: संपत्ति विवाद में 13 साल के मासूम की हत्या, पिता पर आरोप