IIT ISM में भूजल पर राष्ट्रीय मंथन, विशेषज्ञों ने जलवायु परिवर्तन के बीच बेहतर प्रबंधन पर दिया जोर
भूजल उपयोग के मुद्दे और चुनौतियों पर IIT ISM में दो दिवसीय सम्मेलन का आगाज हुआ. जिसमें देशभर के वैज्ञानिकों का जुटान हुआ. रिपोर्ट-नरेंद्र निषाद
Published : September 25, 2026 at 9:00 PM IST
धनबाद:आईआईटी आईएसएम धनबाद में शुक्रवार को छठे इंडियन नेशनल ग्राउंडवाटर कॉन्फ्रेंस (आईएनजीडब्ल्यूसी-2026) का आगाज हुआ. दो दिवसीय सम्मेलन का विषय “ग्राउंडवाटर यूटिलाइजेशन–इश्यूज एंड चैलेंजेज अंडर क्लाइमेट चेंज सिनेरियोस” रखा गया है. सम्मेलन में देशभर से जुटे विशेषज्ञों ने बदलती जलवायु परिस्थितियों के बीच भूजल की उपलब्धता, गुणवत्ता, दोहन और संरक्षण से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की. साथ ही भूजल का आकलन, निगरानी, मॉडलिंग और प्रभावी प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक व बहुविषयक दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत बताई.
सम्मेलन का आयोजन आईआईटी आईएसएम के सिविल इंजीनियरिंग, एनवायरनमेंटल साइंस एंड इंजीनियरिंग व मैथेमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग विभाग की ओर से एसोसिएशन ऑफ ग्लोबल ग्राउंडवाटर साइंटिस्ट्स (एजीजीएस) के सहयोग से किया जा रहा है. उद्घाटन समारोह में बीबीएमकेयू के कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
इस दौरान आईआईटी आईएसएम के डीन (फैकल्टी) एवं डायरेक्टर-इन-चार्ज व आईएनजीडब्ल्यूसी-2026 की आयोजन समिति के को-चेयरमैन प्रो. एमके सिंह, एजीजीएस के प्रेसिडेंट प्रो. चेनिम्मलाई मयिल्स्वामी, एजीजीएस के सेक्रेटरी व आईआईटी रुड़की के प्रो. बृजेश कुमार यादव समेत संस्थान के विभिन्न विभागों के प्रमुख और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे.
प्रो. राजीव ने सम्मेलन के उद्देश्य पर डाला प्रकाश
उद्घाटन सत्र में प्रो. राजीव सरकार ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न संस्थानों के शोधकर्ताओं और क्षेत्र में काम करने वाले विशेषज्ञों को साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि भूजल से जुड़े वैज्ञानिक पहलुओं के साथ समुदाय, उद्योग, बढ़ती जल मांग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों पर व्यापक चर्चा हो सके.
भूजल प्रदूषण और दोहन गंभीर चुनौतीः प्रो. आलोक
वहीं प्रो. आलोक सिन्हा ने भूजल प्रदूषण, अनियंत्रित दोहन और घटते रिचार्ज की समस्या को प्रमुख चुनौती बताया. उन्होंने आर्सेनिक, फ्लोराइड और औद्योगिक प्रदूषण जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन ने भूजल से जुड़ी समस्याओं को और जटिल बना दिया है.
भूजल प्रणाली की जटिलता को समझना जरूरतः प्रो. एसपी
प्रो. एसपी तिवारी ने भूजल प्रणाली की जटिलता को समझने में गणित, सांख्यिकी, कंप्यूटिंग और डेटा साइंस की उपयोगिता पर प्रकाश डाला. प्रो. बृजेश कुमार यादव ने कहा कि भूजल हाइड्रोलॉजी किसी एक विषय तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके अध्ययन और प्रबंधन के लिए अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञों को साथ लाने की जरूरत है. एजीजीएस के प्रेसिडेंट प्रो. चेनिम्मलाई मयिल्स्वामी ने बढ़ती आबादी और जलवायु परिवर्तन के कारण भूजल पर बढ़ते दबाव का जिक्र करते हुए युवा शोधकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.
सॉयल-वाटर-प्लांट-एनवायरनमेंट कंटिन्यूम मॉडल
मुख्य अतिथि प्रो. राम कुमार सिंह ने भूजल को सॉयल-वाटर-प्लांट-एनवायरनमेंट कंटिन्यूम के व्यापक संदर्भ में समझने की आवश्यकता बताई. उन्होंने युवा शोधकर्ताओं से प्रयोगशालाओं के साथ-साथ जमीनी स्तर पर जाकर वास्तविक समस्याओं को समझने और ऐसे शोध व नवाचार विकसित करने का आह्वान किया, जिन्हें बड़े स्तर पर उपयोग में लाया जा सके.
भूजल संरक्षण सभी की जिम्मेदारीः प्रो. एमके सिंह
आईआईटी आईएसएम के प्रो. एमके सिंह ने कहा कि भूजल संरक्षण और प्रबंधन केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है. इसमें सरकारी एजेंसियों के साथ किसान, उद्योग, शहरी निकाय, सिविल सोसाइटी और शिक्षण संस्थानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए “थ्री-एम प्रिंसिपल-मॉडलिंग, मॉनिटरिंग और मैनेजिंग” को अपनाने पर जोर दिया.
एजीजीएस अवॉर्ड से आठ वैज्ञानिक सम्मानित
सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में भूजल विज्ञान के क्षेत्र में योगदान के लिए आठ वैज्ञानिकों को एजीजीएस के विभिन्न सम्मानों से नवाजा गया. एजीजीएस डिस्टिंग्विश्ड फेलो अवॉर्ड प्रो. मृत्युंजय कुमार सिंह, डीन (फैकल्टी), आईआईटी (आईएसएम) धनबाद और प्रो. अशोक के. केशरी, आईआईटी दिल्ली को दिया गया.
वहीं एजीजीएस लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड डॉ. शिवेंद्र नाथ राय, सेवानिवृत्त चीफ साइंटिस्ट, सीएसआईआर-एनजीआरआई, हैदराबाद और प्रो. टीआई एल्धो, आईआईटी बॉम्बे को प्रदान किया गया. एजीजीएस फेलो अवॉर्ड के लिए प्रो. इंदुमती एम. नांबी, आईआईटी मद्रास, प्रो. आर. सेल्वकुमार, पीएसजीआईएएस कोयंबटूर, प्रो. बेल्ली शिवकुमार, आईआईटी बॉम्बे और प्रो. डी. सुरेश कुमार, डायरेक्टर, कार्ड्स, टीएनएयू कोयंबटूर को सम्मानित किया गया.
आयोजकों के अनुसार, कुछ वैज्ञानिकों ने स्वयं सम्मान प्राप्त किया, जबकि कुछ की ओर से उनके प्रतिनिधियों ने पुरस्कार ग्रहण किए. कुछ पुरस्कार सम्मेलन के समापन समारोह में प्रदान किए जाएंगे.
ये भी पढ़ें-
SPECIAL: धनबाद में जल संकट! पीने के लायक नहीं बचा पानी, फ्लोराइड और फिनोल सबसे बड़ा खतरा