उत्तर प्रदेश

uttar pradesh

ETV Bharat / state

कुशीनगर में बुद्ध पूर्णिमा पर भव्य आयोजन, दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने की विशेष पूजा-अर्चना

"कुछ देशों के बीच छिड़े युद्ध के समाधान का रास्ता भारत की भूमि और बुद्ध के विचारों से ही होकर निकलेगा"

Photo Credit; ETV Bharat
कुशीनगर में बुद्ध पूर्णिमा पर भव्य आयोजन (Photo Credit; ETV Bharat)

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 1, 2026 at 7:30 PM IST

Updated : May 1, 2026 at 7:59 PM IST

कुशीनगर:कुशीनगर में भगवान बुद्ध की 2570वीं जयंती के अवसर पर महापरिनिर्वाण मंदिर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और बौद्ध भिक्षुओं की उपस्थिति से पूरा परिसर आध्यात्मिक माहौल में डूबा नजर आया. वहीं, प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए.

इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने संबोधित करते हुए भगवान बुद्ध के संदेशों को विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए प्रासंगिक बताया. साथ ही विश्व पटल पर कुछ देशों के बीच छिड़े युद्ध की चर्चा करते हुए कहा कि इसके समाधान का रास्ता भारत की भूमि और बुद्ध के विचारों से ही होकर निकलेगा.

कार्यक्रम से पहले मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए थे. पूर्व संध्या पर निकले कैंडल मार्च में श्रद्धालुओं और भिक्षुओं ने मंदिर की परिक्रमा की, जहां “बुद्धं शरणं गच्छामि” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा. कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण मंदिर में उनकी लेटी हुई प्रतिमा पर चीवर अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की.


इस अवसर पर केशव प्रसाद मौर्य ने श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और ईवीएम को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया. वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी भगवान बुद्ध के उपदेशों को आज के समय में महत्वपूर्ण बताया. श्री पाठक ने कहा कि यहां के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बहुत जल्द उड़ान शुरू हो जाएगी. कार्यक्रम के दौरान हल्की बूंदाबांदी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुटे रहे. बौद्ध भिक्षुओं ने मंत्रोच्चार के साथ शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश दिया.

रायबरेली में धूमधाम से मनाई गई बुद्ध पूर्णिमा

वैशाख माह की पूर्णिमा के अवसर पर रायबरेली में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए. समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा ने अपने कार्यालय पर बुद्ध पूर्णिमा पर भगवान बुद्ध के समक्ष पुष्प अर्पित किए. उन्होंने सभी को श्रमिक दिवस की बधाई दी. डॉ. शशिकांत शर्मा ने कहा कि भगवान बुद्ध का जन्मदिन बैसाख माह की पूर्णिमा को मनाया जाता है. बुद्ध पूर्णिमा के दिन ही गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था, इसी दिन उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई थी और इसी दिन उनका महानिर्वाण भी हुआ था. इधर शहर में सद्भावना धम्म मैत्री यात्रा को रायबरेली अधिवक्ता संघ एवं अखिल भारतीय वाल्मिकी महासभा ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया. इस यात्रा में बौद्ध धम्म की क्या पहचान, मानव-मानव एक समान जैसे जन कल्याणकारी नारे भी लगाए गए. इस अवसर पर विश्व शांति एवं लोक कल्याण के लिए प्रार्थना की गई.

ये भी पढ़ें-हाथरस: अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस पर कलक्टर साहब ने खुद लगाई झाड़ू, स्वच्छता का दिया संदेश दिया

Last Updated : May 1, 2026 at 7:59 PM IST

ABOUT THE AUTHOR

...view details