उत्तर प्रदेश

uttar pradesh

ETV Bharat / state

यूपी में FSDA टीम की कार्रवाई; बागपत में 455 किलो मावा और 65 किलो पनीर नष्ट कराया, कानपुर में 20 टीमों ने चलाया अभियान

सहायक खाद्य आयुक्त डीपी सिंह ने बताया कि मावा और पनीर नष्ट कराया गया है, अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है.

बागपत में FSDA टीम की कार्रवाई
बागपत में FSDA टीम की कार्रवाई (Photo credit: ETV Bharat)

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 23, 2026 at 5:47 PM IST

Updated : August 23, 2026 at 6:12 PM IST

बागपत/कानपुर : त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रविवार को मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डीपी सिंह के निर्देश पर टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 08 विधिक नमूने संग्रहित किए. कार्रवाई के दौरान 455 किलो मावा और 65 किलो पनीर, जिसकी कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है, मौके पर ही नष्ट कराया गया.

सहायक खाद्य आयुक्त ने बताया कि टीम ने मेरठ से दिल्ली जा रहे एक कैंटर को पिलाना क्षेत्र के पास रुकवाकर जांच की. कैंटर में अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में मावा ले जाया जा रहा था. मिलावट की आशंका पर मावा के पांच विधिक नमूने लिए गए और 410 किलो मावा, कीमत करीब 1.23 लाख रुपये, मौके पर ही नष्ट कराया गया.

सहायक खाद्य आयुक्त डीपी सिंह ने बताया कि इसके अलावा मुजफ्फरनगर पोइस गांव स्थित मावा भट्टी से मावा का नमूना लिया गया. यहां अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा 45 किलो मावा भी नष्ट कराया गया. वहीं बड़ौत के पठानकोट नगर स्थित एक गोदाम से क्रीम का नमूना और गुराना रोड स्थित एक गोदाम से पनीर का विधिक नमूना लिया गया.

सहायक खाद्य आयुक्त ने बताया कि यहां 65 किलो पनीर नष्ट कराया गया. खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है. जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी.

कानपुर में 20 टीमों ने चलाया अभियान, 1.50 लाख की खाद्य सामग्री नष्ट कराई : मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने कानपुर देहात और कानपुर नगर में बड़ा प्रवर्तन अभियान चलाया. जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त, डॉ. रोशन जैकब के निर्देश और अपर आयुक्त रेखा एस. चौहान के प्रभावी पर्यवेक्षण में प्रदेश स्तरीय 24 प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न खोया निर्माण इकाइयों और प्रमुख खोया मंडियों में सघन निरीक्षण किया.

जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, अभियान के दौरान मिलावट में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री बरामद हुई. बड़ी मात्रा में खोया नष्ट कराया गया और कानपुर देहात में एक मामले के तहत एफआईआर भी दर्ज कराई गई. पूरे संयुक्त अभियान में कुल 28 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए. करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री और अपमिश्रकों को नष्ट कराया गया. अपमिश्रक के इस्तेमाल के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज कराई गई, जबकि तीन खाद्य कारोबारियों के खाद्य पंजीकरण पर निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई.

विज्ञप्ति के मुताबिक, कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के ग्राम बादशाहपुर में खोया निर्माण इकाई के निरीक्षण के दौरान टीम को क्रीम निकालने की मशीन, खोया भट्ठियां, स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी) और हाइड्रोजन परॉक्साइड मिला. मौके पर करीब एक कुंतल तैयार खोया भी मिला. टीम ने एसएमपी और हाइड्रोजन परॉक्साइड के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए और तैयार खोया मौके पर ही नष्ट करा दिया.

इस कार्रवाई में परिसर से 07 बोरे में स्किम्ड मिल्क पाउडर के 175 पैकेट तथा खाद्य पदार्थों में मिलाने के लिए रखा गया करीब 15 लीटर हाइड्रोजन परॉक्साइड बरामद किया गया था. जांच के लिए स्किम्ड मिल्क पाउडर और हाइड्रोजन परॉक्साइड के नमूने लिए गए. कार्रवाई के दौरान करीब 100 किलोग्राम दूषित खोया भी नष्ट कराया गया. खाद्य पदार्थ में मिलावट के प्रयोग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रसूलाबाद थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 274 और 275 के तहत मुकदमा दर्ज किया.




दूसरी इकाई में मिला सैफोलाइट, पंजीकरण निरस्त :बादशाहपुर में ही एक अन्य खोया निर्माण इकाई की जांच में खोया बनाने में प्रयुक्त सैफोलाइट रसायन और तीन बड़ी कढ़ाइयां/भट्ठियां मिलीं. टीम ने संदिग्ध अपमिश्रक को जब्त करते हुए संबंधित इकाई का खाद्य पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई की. एक अन्य इकाई में जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली. वहां उपलब्ध करीब 50 लीटर दूध और 50 लीटर खोया में से खोया का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया.

झींझक में रिफाइंड तेल और एसएमपी से बन रहा था खोया :ग्राम भोला नगर, झींझक में खोया भट्ठी के निरीक्षण में 10 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल, 10 पैकेट एसएमपी और करीब 32 किलोग्राम तैयार खोया मिला. इकाई बेहद गंदी और हानिकारक परिस्थितियों में संचालित पाई गई. संचालक ने रिफाइंड तेल, वनस्पति और एसएमपी के इस्तेमाल से खोया तैयार करने की बात स्वीकार की. टीम ने मौके पर ही 32 किलोग्राम तैयार खोया और 10 लीटर रिफाइंड तेल नष्ट कराया तथा इकाई का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया.

यह भी पढ़ें : यूपी में मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन: उन्नाव और सहारनपुर में नकली मिलावटी मिठाई और नकली पनीर बरामद, हापुड़ में 1.75 लाख का मावा नष्ट

Last Updated : August 23, 2026 at 6:12 PM IST