मध्य प्रदेश

madhya pradesh

ETV Bharat / state

छतरपुर के ढौड़न बांध स्थल पर फिर सजी चिताएं, दुधमुंहे बच्चों को लेकर लेटी आदिवासी महिलाएं

केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध में फिर आंदोलन शुरू. इस बार आंदोलन ज्यादा उग्र होने लगा. बांध स्थल पर परिवारों के साथ महिलाएं पहुंची.

CHHATARPUR chita aandolan
छतरपुर के ढोड़न बांध स्थल पर फिर सजी चिताएं (ETV BHARAT)

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : May 11, 2026 at 1:21 PM IST

छतरपुर :केन-बेतवा लिंक परियोजना के खिलाफ एक बार फिर आदिवासियों, किसानों और ग्रामीणों का आंदोलन शुरू हो गया है. आंदोलन की अगुआई करने वाले समाजसेवी अमित भटनागर की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीण और भड़के हुए हैं. धरना स्थल पर फिर से चिताएं सज गई हैं. इन चिताओं पर लेटकर महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग आंदोलन कर रहे हैं. फिर से शुरू हुए आंदोलन से प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

हजारों आदिवासी ढौंढन बांध स्थल पर पहुंचे

केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित ढौड़न डैम को लेकर चल रहा आदिवासी आंदोलन अब बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गया है. आंदोलन के तीसरे दिन हजारों आदिवासी, किसान और महिलाएं छतरपुर ओर पन्ना की सीमा में ढौड़न डैम स्थल पहुंचे और चिताओं पर लेट गए. मौके पर दर्जनों चिताएं सजाई गईं, जिन पर आदिवासी महिलाएं अपने दुधमुंहे बच्चों को लेकर लेट गईं. प्रदर्शनकारियों ने इसे अस्तित्व बचाने की अंतिम लड़ाई बताते हुए प्रशासन को खुली चेतावनी दी है. आंदोलनकारियों का कहना है "यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे सामूहिक आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे."

दुधमुंहे बच्चों को लेकर लेटी आदिवासी महिलाएं (ETV BHARAT)

पन्ना एसपी कार्यालय पर दिया धरना

बीते कुछ दिनों से छतरपुर ओर पन्ना के अधिकारियों द्वारा आंदोलन को समाप्त करवाया गया था और मांगें मान ली गई थीं. प्रशासन द्वारा 10 दिन का समय आंदोलनकारियों से मांगा गया था. बात तय हो गई थी लेकिन अचानक आंदोलन की अगुआई कर रहे बिजावर निवासी अमित भटनागर को पन्ना जिला की अजयगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद आंदोलनकारी और भड़क गए. पन्ना SP कार्यालय के बाहर धरना दिया, लेकिन अमित भटनागर की रिहाई नहीं हुई तो छतरपुर, पन्ना के बीच बने ढौड़न डैम स्थल पर फिर आन्दोलनकारियो ने चिता पर लेट कर धरना आंदोलन शुरू कर दिया.

अमित भटनागर को रिहा करने पर अड़े आंदोलनकारी

ढोड़न बांध स्थल पर चिता आंदोलन (ETV BHARAT)

आंदोलनकारियों की मांग अब मुआवजे तक सीमित नहीं है. वे अपने नेता अमित भटनागर की तत्काल रिहाई और अपने अस्तित्व की रक्षा की जिद पर अड़े हुए हैं. बिजावर की रहने वाली पार्षद दिव्या अहिरवारने कहा "अमित भटनागर को रिहा करो या हमें अग्नि के हवाले करो." दिव्या अहिरवार के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में दूरदराज के गांवों से हजारों आदिवासी पैदल, धरनास्थल पर पहुंच रहे हैं.

हजारों आदिवासी ढौंढन बांध स्थल पर पहुंचे (ETV BHARAT)

जीतू पटवारी कल पहुंचेंगे आंदोलन स्थल पर

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी कल 12 मई को छतरपुर जिले के दौरे पर रहेंगे. छतरपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष गंगन यादव ने बताया "जीतू पटवाारी बांध प्रभावित इलाकों का दौरा कर विस्थापित आदिवासियों से सीधा संवाद करेंगे. पटवारी 11 मई की रात्रि खजुराहो आएंगे. वह 12 मई सुबह खजुराहो से बमीठा और रनगुवां होते हुए सीधे ढौंढ़न बांध स्थल पहुंचेंगे." छतरपुर रेंज के DIG विजय खत्रीने बताया "आंदोलनकारी अमित भटनागर पर अजयगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसको लेकर गिरफ्तार किया गया. शासकीय कार्य मे बाधा सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पन्ना न्यायालय में पेश किया गया. न्यायालय ने जेल भेज दिया."