हिट एंड रन केस पर बनी फिल्म 'किस्सा कोर्ट कचहरी का' का पटना में ट्रेलर लॉन्च, जानिए कब होगी रिलीज
हिट एंड रन केस पर बनी फिल्म 'किस्सा कोर्ट कचहरी का' का पटना में ट्रेलर लॉन्च किया गया. 13 मार्च को फिल्म रिलीज हो रही.
Published : March 11, 2026 at 12:36 PM IST
पटना:राजधानी पटना में मंगलवार को बॉलीवुड फिल्म 'किस्सा कोर्ट कचहरी का' का ट्रेलर लॉन्च किया गया. इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और फिल्म की स्टार कास्ट बृजेंद्र काला, नीलू कोहली, कृष्णा सिंह जैसे कलाकार मौजूद रहे. इस दौरान संजय सरावगी ने कहा कि बिहार में भी फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय भाषा की फिल्मों को प्रमोट करने के लिए राज्य सरकार ने सब्सिडी का प्रावधान किया है.
हिट एंड रन केस पर बनी फिल्म: लवली फिल्म्स प्रस्तुत इस फिल्म के निर्देशक रजनीश जायसवाल और निर्माता अरुण जायसवाल बिहार के हैं. ऐसे में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कलाकारों से बिहार आकर घूमने और बिहार में फिल्मों की शूटिंग करने के लिए प्रेरित किया. अभिनेत्री नीतू कोहली ने कहा कि यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित है. यह एक हिट एंड रन केस पर कोर्ट में चले ट्रायल की कहानी है.
अभिनेत्री नीतू कोहली की भूमिका अहम: एक घटना से एक परिवार का जीवन कितना बदल जाता है और उसमें सिस्टम की भूमिका क्या रहती है, इस पर यह फिल्म बनी है. हालांकि उनका जो किरदार है, वह कोर्ट कचहरी से बाहर का घरेलू महिला का किरदार है. इस फिल्म की शूटिंग को उन्होंने बहुत इंजॉय किया. फिल्म की शूटिंग मेरठ में हुई.
"यह एक ऐसी कहानी है जिसे हर जगह लोग किसी न किसी से रिलेट कर सकेंगे. एक अच्छी विषय पर फिल्म बनी है. लोगों से अपील है कि 13 मार्च को फिल्म रिलीज हो रहा है तो उसे देखने जाएं और फिल्म को अपना प्यार दें." - नीतू कोहली, अभिनेत्री
एक और कोर्ट रूम की नई कहानी: अभिनेता विजेंद्र काला ने बिहार के लोगों के प्रति अपना प्रेम व्यक्त करते हुए कहा कि वे पहले भी बिहार आ चुके हैं. यहां का स्नेह हमेशा उन्हें आकर्षित करता है. उन्होंने कहा कि यह फिल्म बड़े पैमाने पर बनाई गई है. इसकी कहानी दर्शकों को जरूर पसंद आएगी. मामला लीगल है के बाद यह उनकी एक और कोर्ट रूम की कहानी है और इसमें भी वह एक सीनियर वकील की भूमिका में है. उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में वे बिहार की पृष्ठभूमि पर कई अन्य फिल्मों में भी काम कर रहे हैं.
फिल्म शूटिंग पर सब्सिडी अच्छा पहल: विजेंद्र काला ने कहा कि यह अच्छी बात है कि राज्य सरकार यहां की रीजनल फिल्मों के साथ-साथ हिंदी फिल्म के निर्माण और राज्य में शूटिंग पर सब्सिडी दे रही है. इससे यहां फिल्म निर्माण को लेकर आकर्षण बढ़ेगा और फिल्मों की शूटिंग होगी.
"काफी फिल्मों की शूटिंग हो भी रही है. एक फिल्म तैयार होने में कई लोगों की मेहनत लगती है. दर्शक भी फिल्म देखने आएं, ताकि अधिक से अधिक आम जनजीवन से जुड़े कहानियों पर फिल्में बन सके."-विजेंद्र काला, अभिनेता
ये भी पढ़ें: