इंडियन एयरफोर्स की ताकत होगी दोगुनी, भारत के स्वदेशी एयरबस सी295 सैन्य विमान ने भरी सफल उड़ान
गुजरात के वडोदरा में भारत में बने एयरबस सी295 सैन्य परिवहन विमान ने पहली सफल परीक्षण उड़ान पूरी की
Published : June 11, 2026 at 5:20 PM IST
नई दिल्लीःभारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और कदम आगे बढ़ाया है. गुजरात के वडोदरा से देश में बने पहले सी295 सैन्य विमान ने अपनी पहली सफल पहली परीक्षण उड़ान पूरी कर ली है. इसके साथ ही रक्षा और विमानन इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है.
इसके साथ ही भारत अब उन देशों की कतार में खड़ा हो गया है जो अपने यहां सैन्य विमान बनाने की क्षमता रखते हैं. यह उपलब्धि इसलिए भी अहम है क्योंकि यह विमान भारत में निजी क्षेत्र की भागीदारी से तैयार किया जा रहा है. यह सिर्फ एक तकनीकी परीक्षण नहीं, बल्कि उस भरोसे और क्षमता का प्रमाण है जो भारत अब आधुनिक सैन्य विमान निर्माण में हासिल कर रहा है.
वडोदरा से भरी पहली सफल उड़ान
बुधवार को वडोदरा स्थित फाइनल असेंबली लाइन से पहले मेड इन इंडिया सी295 विमान ने उड़ान भरी. इस उड़ान की सफलता को एक अहम पड़ाव माना जा रहा है. इस विमान को भारत में ही तैयार करने का लक्ष्य ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के बड़े विजन से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि कुल 40 सी295 विमानों की इस परियोजना का पहला विमान अब डिलीवरी के नजदीक पहुंच चुका है, जो भारत के रक्षा उत्पादन क्षेत्र में बेहद अहम ऐतिहासिक मोड़ माना जा रहा है.
भारतीय वायुसेना की प्रतिक्रिया
इंडियन एयरफोर्स ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी है. वायुसेना ने कहा कि भारत में बने सी295 विमान की पहली सफल उड़ान देश की बढ़ती एयरोस्पेस क्षमता को दिखाती है और आत्मनिर्भर भारत के तहत स्वदेशी रक्षा निर्माण को बढ़ावा देती है.
देशभर की कंपनियां भी जुड़ीं
इस परियोजना में सिर्फ एयरबस और टाटा ही नहीं, बल्कि देशभर की कई छोटी और मीडियम कंपनियां भी जुड़ी हुई हैं. इतना ही नहीं विमान के कई हिस्से और उपकरण भारत में तैयार किए जा रहे हैं. इस बारे में कंपनी का कहना है कि इस कार्यक्रम से देश में विमान निर्माण से जुड़ा न केवल नेटवर्क मजबूत हो रहा है और भारतीय कंपनियों को भी नए अवसर मिल रहे हैं.
एएन-32 की जगह लेगा नया विमान
भारतीय वायुसेना में इस्तेमाल हो रहे An-32 परिवहन विमानों की जगह आगे चलकर में सी295 को शामिल किया जाना है. इसके आने से वायुसेना की परिवहन क्षमता को और मजबूती मिल सकेगी.
56 विमानों की खरीद का बड़ा प्रोजेक्ट
भारतीय वायुसेना कुल 56 सी295 परिवहन विमान लगभग 21,935 करोड़ रुपये की लागत से खरीद रही है. यह परियोजना भारतीय रक्षा क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण परिवहन विमान योजनाओं में से एक मानी जा रही है. इन विमानों के शामिल होने से वायुसेना की रणनीतिक और लॉजिस्टिक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.
भारत ने स्पेन के साथ 21935 करोड़ रुपये का किया था अनुबंध
वडोदरा संयंत्र का उद्घाटन 28 अक्टूबर, 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने किया था. भारत ने स्पेन के साथ 56 सी-295 विमानों के लिए 21,935 करोड़ रुपये का अनुबंध किया है. समझौते के तहत, 16 विमान स्पेन से भेजे जाएंगे, जबकि शेष 40 विमानों का निर्माण भारत में 'मेक इन इंडिया' कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें-ईंधन की बढ़ती कीमत के कारण विमान कंपनियों को न हो बड़ा नुकसान, सरकार ने उठाया ये कदम