दिल्ली

delhi

ETV Bharat / bharat

हरियाणा के CM नायब सिंह ने दिल्ली में पिया यमुना का पानी, कहा- 'जहर नदी में नहीं, विपक्ष के दिमाग में भरा है'

केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा था कि यमुना जहरीली हो चुकी है इसके लिए जिम्मेदार हरियाणा सरकार है.

हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने पिया यमुना का पानी
हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने पिया यमुना का पानी (Etv Bharat)

By ETV Bharat Delhi Team

Published : January 29, 2025 at 9:26 PM IST

Updated : January 29, 2025 at 9:58 PM IST

नई दिल्ली:दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के बीच हरियाणा से दिल्ली आ रहे यमुना के पानी में जहर वाले मुद्दे पर घमासान जारी है. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि यमुना जहरीली हो चुकी है इसके लिए जिम्मेदार हरियाणा सरकार है. हरियाणा की तरफ से यमुना में जहरीला पानी छोड़ा जा रहा है. चुनाव आयोग ने भी इस मुद्दे पर केजरीवाल को नोटिस जारी किया है. वहीं, अब हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी जवाब देने के मूड में दिखाई दिए. बुधवार को सीएम सैनी दिल्ली के पल्ला गांव में पहुंचे, जहां उन्होंने यमुना नदी के तट पर जाकर युमना का पानी पीया.

नायब सिंह सैनी ने इस दौरान कहा कि यमुना का पानी बिल्कुल साफ है, मीठा है और पीने योग्य है, लेकिन जैसे ही दिल्ली के आगे के हिस्से में यमुना जाती है तो यमुना का पानी दूषित हो जाता है. केमिकल और नालों की गंदगी से यमुना का पानी खराब होता है. यमुना का पानी हरियाणा के आगे पलवल और फरीदाबाद में मिलता है तो दिल्ली की वजह से दूषित होता है. नायब सैनी ने कहा कि केजरीवाल सिर्फ झूठा आरोप लगाने की राजनीति करते हैं. जनता इस बार समझ चुकी है, आने वाली 5 तारीख को जनता उन्हें जवाब देगी.

आप-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी,पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है. हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो ज़हर नहीं है, लेकिन आप लोगों के दिमाग में जहर जरुर भरा हुआ है. कभी पानी की कमी के लिए, कभी पराली के धुएं के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए हमेशा आप हरियाणावासियों को ही कोसती रहती हैं.-नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री हरियाणा

''कपूत केजरीवाल तेरी हर विफलता के जिम्मेदार हरियाणा के लोग नहीं हैं. हरियाणा के लोग तो पुण्य- कार्य करने वाले हैं. पिछले 10 वर्षों में केजरीवाल और उनकी आप-दा टीम ने जो झूठ और फरेब का पाप- कर्म किया है, माता यमुना के साथ विश्वास घात किया है, उन सभी पाप-कर्मों का अंतिम विसर्जन दिल्ली के लोग 5 फरवरी को करने जा रहे हैं. हमारी पवित्र यमुना माता इन फरेबियों से मुक्त भी होंगी, शुद्ध भी होंगी और दिल्ली के हमारे भाई- बहनों को स्वच्छ पानी मिलने लगेगा.''-नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री हरियाणा

केजरीवाल का पलटवार:आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा; ''हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया. और फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया. जब मैंने कहा कि अमोनिया की मिलावट के कारण यमुना का पानी दिल्लीवालों की जान के लिए ख़तरा हो सकता है, तो इन्होंने मुझ पर FIR करने की धमकी दी. जिस ज़हरीले पानी को ये खुद नहीं पी सकते, वही पानी दिल्ली की जनता को पिलाना चाहते हैं. मैं ऐसा हरगिज़ नहीं होने दूँगा.''

जानिए केजरीवाल ने हरियाणा सरकार को लेकर क्या कहा था?

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था ''लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता. अपनी गंदी राजनीति के लिए बीजेपी दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है. हरियाणा से बीजेपी वाले पानी में ज़हर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं. अगर ये पानी दिल्ली वालों ने पी लिया तो कई लोग मर जाएँगे. क्या इस से घिनौना काम कोई हो सकता है? जो ज़हर पानी में मिलाकर भेजा जा रहा है, वो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में साफ़ भी नहीं हो सकता. दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए कई इलाक़ों में पानी बंद करना पड़ रहा है. बीजेपी वाले दिल्ली वालों का mass murder करना चाहते हैं.''

ये भी पढ़ें:

  1. यमुना के पानी में जहर मिलाने संबंधित केजरीवाल और CM आतिशी के आरोपों को दिल्ली जल बोर्ड ने बताया गलत
  2. ये दिल्ली है जनाब ! यहां पैसा उधार मिल सकता है, मगर पानी नहीं...., जानें लोगों ने ऐसा क्यों कहा ?
  3. यमुना में बढ़ा अमोनिया का स्तर, दिल्ली में इन इलाकों में हो सकता है पानी का संकट
  4. PM मोदी का केजरीवाल पर प्रहार, दिल्ली की रैली में बोले- 'यमुना जी में ही डूबेगी AAP-दा वालों की लुटिया'
Last Updated : January 29, 2025 at 9:58 PM IST

ABOUT THE AUTHOR

...view details